
शहर में दिन दहाड़े दवा व्यवसायी सहित दो को चाकुओं से गोदा। Voice of Darbhanga
दरभंगा: शहर में अपराधी बेख़ौफ़ होते जा रहे हैं जिसका नतीजा रविवार भी देखने को मिला जब दिन दहाड़े चाकू मारने की घटना को अंजाम देकर चलते बने। बेंता ओपी क्षेत्र के एक मॉल के सामने बदमाशों ने रविवार को दवा व्यवसायी सहित दो लोगों को चाकू से गोद दिया। इसमें दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। यहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को निजी क्लीनिक में भर्ती करा दिया गया गया। हालांकि दवा व्यवसायी व युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। इस मामले में मकान मालिक ने दो दिन पूर्व दवा व्यवसायी को धमकी भी दी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे की है। घायलों में सागर मेडिकल हॉल नामक दवा दुकान के मालिक रामदयाल साह (60) व उनका बचाव करने आये राधेश्याम श्रीवास्तव के 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ सन्नी शामिल हैं। प्रतिदिन की भांति रामदयाल साह अपने प्रतिष्ठान में बैठे थे। इसी बीच चार से पांच युवक उनकी दुकान में प्रवेश कर गए। दुकान में प्रवेश करते ही युवकों ने रामदयाल पर चाकू से हमला कर दिया। पेट, कान तथा आंख के उपर चाकू लगते ही रामदयाल जख्मी होकर गिर पड़े। रामदयाल पर प्रहार होते देख सन्नी उनका बचाव करने के लिए दुकान में आ गया। इसके बाद हमलावरों ने चाकू से उसपर भी हमला करना चाहा। अपना बचाव करते हुए सन्नी वहां से भागने लगा। अपराधियों ने उसका पीछा करते हुए इंडियन गैस एजेंसी के निकट एक गली में चाकू मारकर उसे भी जख्मी कर दिया। सन्नी की पीठ, पेट, कमर सहित कई जगहों पर चाकू से प्रहार किया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी भाग निकले।
जख्मी सन्नी के पिता का कहना है कि मेरे पुत्र ने बताया कि एक बूढ़े आदमी को कुछ अपराधी चाकू से मार रहे थे। हमने उनको बचाना चाहा तो वही अपराधी मेरा पीछा करते इंडियन गैस एजेंसी के पास आकर घेर लिया और चाकू से मार कर जख्मी कर दिया। जख्मी युवक सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थानान्तर्गत बैरगनिया का रहने वाला है। वर्तमान में शाहगंज बेंता में अपने परिवार के साथ डेरा लेकर रहता है।

