
शहर के बीचोबीच दवा व्यवसायी पर दिनदहाड़े चाकू से हमला मामले में एक हिरासत में। Voice of Darbhanga
दरभंगा: शहर के बीचोबीच बेंता चौक के पास स्थित एक दवा दुकान के प्रोप्राइटर राम दयाल साह पर रविवार को दिनदहाड़े हुए कातिलाने हमले के मामले में हमलावर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वारदात में जख्मी व्यवसायी के अलावा अभिषेक कुमार उर्फ सनी का इलाज अललपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। सूत्रों के अनुसार जांच के कई महत्वपूर्ण जानकारियां के हाथ लगी हैं। हालांकि पुलिस अभी इन्हें लेकर अपने पत्ते नहीं खोल रही है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार पुलिस ने रवि नामक एक युवक को हिरासत में लिया है। घटना को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रवि पूर्व में दवा व्यवसायी के यहां काम करता था। करीब चार वर्ष पहले चोरी के आरोप में उसे काम से हटा दिया गया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस उसे हिरासत में लेकर अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
वहीं दूसरी ओर चाकू बाजी की घटना में जख्मी अभिषेक कुमार उर्फ सनी की भूमिका पर भी जांच की जा रही है। सनी ने पुलिस को बताया था कि वह व्यवसायी को बचाने पहुंचा था। इस दौरान हमलावरों ने उस पर चाकू से वार कर उसे जख्मी कर दिया था। घटनास्थल पर तलाशी के दौरान पुलिस ने सनी के एक पांव का जूता वहां से बरामद किया था। वहां से जुटाए गए कई साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सनी का बयान पच नहीं रहा है।

