
नगर पंचायत शिक्षक संघ ने एएसपी दिलनावज अहमद को किया सम्मानित। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बल प्रयोग के साथ ड्यूटी निभाने केलिए गये एएसपी दिलनावज अहमद ने जब जमीनी हकीकत देखी तो मानवता दिखा कर प्रेम से सबको वश में कर के बिना बल प्रयोग के ड्यूटी निभा ली। इसी का परिणाम मंगलवार की शाम को देखने को मिला जहाँ शिक्षक संघ के दो दर्जन से अधिक शिक्षकों ने एएसपी कार्यालय पहुँच कर श्री अहमद को पाग चादर से सम्मानित कर मिठाई भी खिलाई और बांटी भी। जी हां, मुख्यमंत्री के दरभंगा आगमन के पूर्व 13 दिसम्बर को नगर पंचायत शिक्षक संघ के बहादुरपुर इकाई के 29 शिक्षक-शिक्षिकाएं धरनास्थल पर अपने साढ़े चार साल के बकाये वेतन की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। मुख्यमंत्री के आगमन के 72 घण्टे पूर्व हेलीपैड के सामने स्थित धरनास्थल को खाली करवाना आवश्यक था। प्रशासनिक पहल भी हुई थी। स्थानीय विधायक भोला यादव का प्रयोग भी प्रशासन द्वारा करवाया गया कि शायद उनके आश्वसन और प्रशासन के विपक्ष में बोलने से शिक्षक झांसे में आ जाएं और अनशन खत्म हो। पर बिना भुगतान के शिक्षक उठने को तैयार नही हुए। जब सारे प्रशासनिक पैंतरे फेल होते नजर आये तो अंत में जिला प्रशासन द्वारा शिक्षकों के नही मानने की स्थिति में एफआईआर दर्ज कर सबको बल पूर्वक हटाने के निर्देश के साथ एएसपी दिलनावज अहमद को फ़ोर्स के साथ जाने को कहा गया। पुलिस फोर्स लाइन में तैयार थी। पर एएसपी दिलनवाज अहमद बिना पुलिस बल के पहुँचे और शिक्षकों को कड़ाई के साथ हटने को कहा। इस पर ख़ास कर महिला शिक्षिकाएं बिफर पड़ी और गोली खाने या जेल जाने तक को तैयार होने की बात कह दी। तब श्री अहमद ने उनलोगों से पूरा मामला समझा। समझते वहां मौजूद शिक्षकों, शिक्षक नेताओं, डीईओ, बीईओ आदि सबसे समन्वय बनाकर कर त्वरित काम करवा कर रातोंरात वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू करवाई। अगले दिन भुगतान नही होने की स्थिति में खुद भी शिक्षकों के साथ धरना पर बैठने का वादा किया। तब जाकर करीब तीन घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद शिक्षकों ने अनशन खत्म किया और धरनास्थल खाली हुआ। शिक्षकों का करीब ढाई साल के लंबित वेतन का भुगतान भी हो गया।
इसी ख़ुशी को बांटने शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सौरव सिंह करीब दो दर्जन शिक्षक शिक्षिकाओं के साथ मंगलवार की शाम एएसपी कार्यालय पहुँच कर श्री अहमद को धन्यवाद दिया। साथ ही साथ मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग चादर से सम्मानित किया और मिठाई खिलाया। पुरे कार्यालय एवं उपस्थित लोगों के बीच भी मिठाईयां बांटी गई।

