
नाले में मिला युवक का शव, नशाखुरानी गिरोह के शिकार होने की आशंका। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुरूवार की सुबह विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद बस स्टेंड स्थित नाला से एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बावजूद, शव की शिनाख्त नहीं हो पाई । सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मतदाता पहचान पत्र व आधार कार्ड बरामद किया। इस आधार पर शव की शिनाख्त मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के बसबरिया गांव निवासी मो. क्यूम के 35 वर्षीय पुत्र मो. इरशाद के रूप में की गई है। घटना की जानकारी बिस्फी पुलिस को दी गई है। पुलिस भी इस मामले को हत्या मान रही है। एएसपी दिलनवाज अहमद ने प्रथम दृष्टया में नशाखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बहरहाल, उसके परिजन को सूचना दी गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि अहले सुबह कचरा चुनने वाले कुछ बच्चों की नजर नाला पर पड़ी । देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, देर शाम बिस्फी थाना के बसबरिया गांव से कुछ लोगों ने आकर शव की शिनाख्त की। कहा कि यह शव इरशाद की है। वह मुबंई में रहकर मजदूरी का काम करता था। बुधवार को वह मुबंई से दरभंगा जंक्शन पहुंचा था। इसकी सूचना परिवार के लोगों को इरशाद ने दी थी। लेकिन, उसके बाद से उससे संपर्क नहीं हो पाया। बताया जाता है कि स्टेशन से घर जाने के दौरान वह नशाखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। दवा के अधिक डोज के कारण उसकी मौत हो गई। गिरोह के सदस्यों ने गाड़ी से नाला में शव गिरा दिया हो ऐसी आशंका व्यक्त की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर कर दिया गया है।

