Home मुख्य सीनेट की वार्षिक बैठक में 13.83 अरब घाटे का बजट पारित। Voice of Darbhanga
मुख्य - December 22, 2017

सीनेट की वार्षिक बैठक में 13.83 अरब घाटे का बजट पारित। Voice of Darbhanga

दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की सीनेट बैठक में शुक्रवार को सदस्यों ने सर्वसम्मति से 13 अरब 83 करोड़ 58 लाख 1820 रुपए घाटे का बजट पास किया। तैयार बजट वर्ष 2018-19 के लिए है। कुलपति ने इस पर किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव देने के लिए 3 दिनों का समय निर्धारित किया है। इसके बाद बजट को राज्य सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया जाएगा ।

सीनेट की बैठक में सिंडिकेट के वरीय सदस्य डॉ. विनोद कुमार चौधरी ने बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बजट सब को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार तैयार किया गया है। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह एवं संचालन कुलसचिव डॉ.मुस्तफा कमाल अंसारी ने किया। बजट को छह खंडों में विभक्त कर बनाया गया है। प्रथम खंड में विश्वविद्यालय कार्यालय, पीजी विभाग, अंगीभूत कॉलेजों में कार्यरत शिक्षक-कर्मचारियों के वेतन मद में 2 अरब 25 करोड़ 29 लाख 48 हजार 416 रुपए का उपबंध किया गया है।

बजट के द्वितीय खंड में रिटायर कर्मियों के पेंशन भुगतान के लिए एक अरब 67 करोड़ 50 लाख 15 हजार 632 रुपए जबकि पुनरीक्षित वेतनमान में पेंशन बकाया, 10 लाख की सीमा तक उपादान का अंतर एवं बकाए मद में कुल 2 अरब 93 करोड़ 38 लाख 8 हजार 589 रुपए का उपबंध दर्शाया गया है। अन्य चार खंडों में भी अलग-अलग राशि का उपबंध किया गया हैं। इस प्रकार वर्ष 2018-19 में कुल व्यय 14 अरब 77 करोड़ 90 लाख 39 हजार 548 रुपए का खर्च आंका गया है। इसी प्रकार आंतरिक स्रोतों से आय कुल 94 करोड़ 32 लाख 37 हजार 728 रुपए दिखाए गए हैं। अनुमानित घाटे की राशि की मांग राज्य सरकार से की गयी है।

Share

Leave a Reply