
अन्तर्राज्यीय कुख्यात को लहेरियासराय रैक पॉइंट से गिरफ्तार करने का पुलिस ने किया दावा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: अंतरराज्यीय गिरोह के कुख्यात अपराधी को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के लहेरियासराय स्टेशन के रैक पॉइंट से पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद ने बताया कि मुफस्सिल थाना पश्चिम सिंहभूम चाईबासा के रहने वाले बामिया टू टीयू के पुत्र संदीप टीयू उर्फ संदीप पासवान को गिरफ्तार किया गया है. इसके ऊपर झारखंड समेत कई थानों में दर्जनों मामले लंबित हैं. कई मामलों में यह कोर्ट से फरार चल रहा है. इसके ऊपर डकैती, रेप, लूट और रेल रॉबरी में भी कई केस अंकित है. अपर पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद ने बताया कि झारखंड में अपराध करने के बाद वह पिछले 6 माह से दरभंगा में रैक पॉइंट पर नौकरी कर रहा था और यहां दारू का धंधा करता था. पुलिस को सूचना मिली कि लहेरियासराय स्थित वीआईपी एरिया में यह दारू की सप्लाई करता है. जिसके बाद पुलिस ने इसे गिरफ्तार किया है. चाईबासा के एसपी ने दरभंगा पुलिस को बताया कि पिछले 6 माह से इस कुख्यात अपराधी की तलाश है. इसके ऊपर चाईबासा में मुफस्सिल थाना अंतर्गत 44 /17 डकैती और रेप का मामला दर्ज है. जिसमें डकैती करने के बाद घर की महिला के साथ रेप भी किया था. जिसमें पुलिस को इसकी तलाश है. इसके अलावा चाईबासा के मुफस्सिल थाना में ही 59 / 17 मामला दर्ज है. जिसमें रेल रॉबरी के दौरान 28 मोबाइल भी बरामद किए गए थे. चाईबासा से पुलिस टीम दरभंगा रवाना हो गई है.

