
शादी की तैयारियों के बीच दूल्हे को देखते ही दुल्हन ने लौटा दी बारात। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शादी की तैयारियों के बीच गाजे-बाजे के साथ बारात आई लेकिन दूल्हे को देखकर दुल्हन की सहेली ने जाकर एेसी बात कह दी कि दूल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
अपने से दोगुनी उम्र के दूल्हे को देखकर भड़की दुल्हन को घरवालों ने मनाने का अथक प्रयास किया, लेकिन दुल्हन अपने निर्णय से नहीं डिगी और दूल्हे को उदास चेहरे लिए बरात के साथ बैरंग लौटना पड़ा।
मामला दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के करवा -तरियानी पंचायत के एक गांव का है, जहां रविवार को दरभंगा सदर थाना क्षेत्र के सारा मोहनपुर गांव से बारात पहुंची थी। दुल्हन पक्ष बारातियो की आवभगत में लगा था। दूल्हे राजा अपने दोस्तों के संग विराजमान थे।
दुल्हन को अपनी सहेलियों से पता चला कि दूल्हा उम्रदराज है। यह सुनते ही दुल्हन ने भी दूल्हे को पर्दे के पीछे से देखा।सहेलियो की बात सच हुई। फिर तो दुल्हन ने निकाह करने से ही इनकार कर दिया। दोपहर आई बारात रविवार के देर शाम तक दुल्हन के दरवाजे पर जमी रही।
दुल्हन पक्ष ने भी दुल्हन को मनाने का अथक प्रयास किया। अंततः दूल्हे को बारात संग लौटना पड़ा। इस संदर्भ में करवा तरियानी पंचायत के एक पूर्व प्रतिनिधि ने बताया कि जोड़ी बेमेल थी। खुदा ने जो भी किया, अच्छा ही किया।

