
ठंढ से ठिठुरते लोगो को नही दिख रही है जिला प्रशासन द्वारा की गयी अलाव की व्यवस्था। Voice of Darbhanga

दरभंगा: पिछले कुछ दिनों से पड़ रही हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। खासकर घर से बाहर रात गुजारने वाले गरीब लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। लेकिन जिला प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया है। विभाग की तरफ से रुपयों का आवंटन होने के बाद भी जिले में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर रात गुजारने वाले यात्रियों पर इसका खासा असर पड़ रहा है। कोहरे के चलते विलंब से चल रही ट्रेनों के चलते यात्रियों के उतरने और फिर ट्रेन के जाने का कोई ठिकाना नहीं है। इसके चलते लोगों को इस ठंड में स्टेशन पर ही कभी-कभार रात गुजारनी पड़ती है।
यात्रियों का कहना है कि सरकारी अलाव की व्यवस्था नहीं होने के चलते बाहर रात गुजारने वाले लोग टायर जलाकर ठंड भगाने को मजबूर हैं। जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों का नुकसान हो रहा है।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत के निर्देश पर जिला प्रशासन ने शहर के चौक-चौराहे, अस्पताल परिसर, रैन बसेरा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित दूसरे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था के लिए रुपयों का आवंटन कर दिया है। लेकिन अभी तक अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

