Home मुख्य नगर निगम की बैठक में उठा बंदरों एवं आवारा पशुओं से निजात का मामला। Voice of Darbhanga
मुख्य - December 27, 2017

नगर निगम की बैठक में उठा बंदरों एवं आवारा पशुओं से निजात का मामला। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बंदरों व आवारा पशुओं के उपद्रव से निजात दिलाने का मुद्दा बुधवार को नगर निगम की बैठक में छाया रहा। महापौर बैजंती खेड़िया की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही कई पार्षदों की ओर से इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया गया। वार्ड 18 के पार्षद शशि चन्द्र पटेल ने प्रमुखता से इस मुद्दे को उठाते हुए निगम प्रशासन पर बंदरों व आवारा पशुओं के उपद्रव से शहरवासियों को निजात दिलाने की दिशा में कोई पहल नहीं करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का काम शहरवासियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराना है। कई वर्षों से शहरी क्षेत्र के लोग बंदरों के आतंक से परेशान हैं। कई लोगों को बंदरों ने काट लिया है। आलम यह है कि लोग अब बंदरों से भयभीत रहने लगे है। छत पर बैठना व घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। आमजन परेशान है और निगम प्रशासन लापरवाह बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बैठक में योजनाओं पर मुहर लगाने से बेहतर है कि धरातल पर आमजन को बेहतर सुविधा मुहैया कराया जाए। आमजन की राहत से जुड़े इस मुद्दे को पूर्व की बैठकों में रखने के बावजूद किसी तरह की पहल नहीं की जा रही है। उनके इस सवाल पर नगर आयुक्त नागेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।

इसके अलावा पार्षदों की ओर से कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाये गये। इसमें साफ-सफाई, अतिक्रमण, नाला सफाई, केरोसिन की मांग आदि का मुद्दा निगम की बैठक में पार्षदों की ओर से उठता रहा। पार्षद अजय जालान ने कहा कि निविदा तो बहुत हुआ है। हालांकि काम रूके हुए हैं। संवेदक बालू का बहाना बना रहे हैं। संवेदकों की लापरवाही के कारण काम बंद हैं। इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।

Share

Leave a Reply