
सुशासन हुआ शर्मसार: कमीशन को लेकर बीडीओ और प्रमुख में हुई मार! Voice of Darbhanga

दरभंगा : बहादुरपुर प्रखंड में घटित आज की घटना सुशासन के लिए शर्मसार कर देने के लिए काफी है. यहां महिला प्रमुख उनके परिजन और प्रखंड विकास पदाधिकारी के बीच सरकारी कार्यालय में हाथापाई, गाली-गलोज की घटना योजनाओं में कमीशन को लेकर होने की बात सामने आयी है. हालात इस तरह बिगड़ गये कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और दोनों पक्षों ने जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता और सदर एसडीओ तक अपने मामले को पहुंचाया. समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने की कारवाई चल रही थी. बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रमुख के पति और पुत्र को पूछताछ के लिए प्रखंड से साथ में थाना ले आये हैं. प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रमुख द्वारा उन्हें अपने कक्ष में बुलाकर उनके साथ गाली-गलोज व मारपीट की है. जिसकी शिकायत उन्होंने वरीय अधिकारियों से की है और उनसे प्राप्त निर्देश के बाद आगे की कारवाई करेंगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरूवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने कार्यालय में थे, उसी समय प्रमुख के पति मदन साह उनके कार्यालय में पहुंचे और बीडीओ से प्रमुख के बुलावा का संदेशा दिया. प्रमुख ने इंदिरा आवास, वृद्धा पेंशन व शौचालय योजना को लेकर उनके समक्ष कुछ शर्ते रखी जिसे बीडीओ ने मांग पूरा करने से इनकार कर दिया. जिसके बाद गरमा-गर्म बहस हुई और गाली-गलौज होने लगा. प्रमुख के साथ उनके पुत्र भी थे, इसी बीच प्रमुख ने बीडीओ की कुर्सी को लात से धक्का दे दिया और बीडीओ वहां गिर गये. बीडीओ के वाहन चालक राजेन्द्र पासवान व लेखा सहायक राजीव पासवान बीडीओ के बचाव में पहुंचे उनके साथ भी हाथापाई हुई. जिसमे राजीव पासवान का जेकेट फट गया. सूचना मिलते ही बहादुरपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराना चाहा पर यह संभव नहीं हो सका. इसी बीच प्रमुख ने जिला मुख्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन आयुक्त कार्यालय में बैठक चलने के कारण प्रमुख का जिलाधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी. तब जाकर अपर समाहर्ता मो. मोबीन अली अंसारी से मिलकर उन्हें एक आवेदन दिया. जिसमे बीडीओ पर योजनाओं में अनियमितता व घुसखोरी का आरोप लगाया है. वहीं बीडीओ ने एसडीओ से मिलकर सभी घटनाओं का ब्यूरेबार जानकारी दी है. घटना की सूचना जंगल की आग की तरह फ़ैल गई और लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे हैं और चटखारा लेकर सुशासन पर चर्चा कर रहे हैं.

