Home मुख्य विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के खिलाफ उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन। Voice of Darbhanga
मुख्य - December 30, 2017

विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के खिलाफ उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन। Voice of Darbhanga

दरभंगा। राज्य सरकार की घोषणा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को सिंहवाड़ा विद्युत पावर स्टेशन का घेराव कर विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। पावर स्टेशन के मुख्यद्वार पर सिंहवाड़ा, लालपुर, कटासा, रामपुरा गांव के उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन किया। कहा कि 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिमोट से इस उपकेन्द्र का उद्घाटन कर जनता को नियमित 18 घंटे बिजली आपूर्ति की घोषणा की थी । लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है । हाई व लो वोल्टेज के कारण उपकरण खराब हो रहे हैं । उधर सर्दी व कुहासे के कारण रात में एक बजे से बिजली सेवा बाधित रह रही है। इससे कई परेशानियां हो रही हैं। चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार विभागीय कनीय अभियंता उपभोक्ताओं की समस्या के निदान में विफल हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में बिजली सेवा नियमित नहीं की गई तो सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा । अतरबेल-जाले पथ को जाम कर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका जाएगा । मौके पर उपभोक्ताओं में मनोज चौधरी, राजन चौधरी, राधे मिश्र, राजेश ठाकुर, शंभु कुमार, गौतम झा, चंदन झा, संजीत कुमार, आयुष कुमार, रजनीश पटेल, विकास कुमार महाराज, गुड्डू कुमार राउत, राम कुमार, आजाद कुमार मौजूद थे । उधर बजरंग दल के समर्थकों ने भी अभियंता के विरूद्ध नारेबाजी कर विधुत आपूर्ति बाधित रखने की शिकायत की। बजरंग दल ने सब स्टेशन में तकनीकी बाधाएं दूर कर नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की है।

Share

Leave a Reply