
कुहासे के कारण बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत। Voice of Darbhanga
दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर जीवछ घाट लोआम मोड़ के निकट शनिवार की देर रात बस पलटने से एक यात्री की मौत घटनास्थल पर हो गई। मृतक मधुबनी जिले के लौकहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मधपुर गांव निवासी स्व राजेन्द्र साहु के पुत्र बबुआन साहु (50) बताया जाता है।
पुलिस के मुताबिक बबुआन साहू बस से पटना से लौकहा अपने घर आ रहे थे। इसी क्रम में जीवछघाट के निकट कोहरे में बस को ओवरटेक कर रहे एक वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। नतीजतन बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इसमें राजेंद्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक के परिजन विमल कुमार साह ने बताया कि बबुआन साहु गुडगांव में रहकर पेंटर का कार्य करते थे। ट्रेन से गुडगांव से पटना पहुंचने के बाद वे बस से घर जा रहे थें। दुर्घटनाग्रस्त बस समीर ट्रेवल्स की बतायी जाती है।
इस संबंध में पूछने पर भालपट्टी ओपी प्रभारी केसी भारती ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही वे देर रात ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त
बस में मृतक का शव पड़ा था। चालक, कंटक्टर सहित कोई भी यात्री बस में नही थे। मृतक की शर्ट में मौजूद डायरी में लिखे मोबाइल नंबर से परिजनों को सूचना दी गई। सदर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। बबुआन साहू की पांच पुत्री व एक पुत्र हैं। थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घायल यात्रियों का पता नहीं चल सका। हादसे के बाद सभी जख्मी यात्री आसपास के अस्पताल में इलाज कराने जा चुके थे।

