Home मुख्य कई बाधाओं के बाद बने नये बस स्टैंड के इसी महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद। Voice of Darbhanga
मुख्य - January 2, 2018

कई बाधाओं के बाद बने नये बस स्टैंड के इसी महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दिल्ली मोड़ स्थित अत्याधुनिक बस स्टैंड से बसों का परिचालन इस महीने के अंतिम सप्ताह तक शुरू होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने मंगलवार को आला अधिकारियों के साथ बस स्टैंड का निरीक्षण कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्री सिंह ने बस स्टैंड की जर्जर सड़कों के अलावा पेयजल, शौचालय, परिसर आदि की साफ-सफाई को लेकर प्रक्कलन तैयार करने का निर्देश ग्रामीण विकास विभाग-1 दरभंगा के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार को दिया। निरीक्षण के बाद श्री सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से प्रक्कलन तैयार करने के बाद बुनियादी सुविधाओं को दुरूस्त कर बस स्टैंड को कादिराबाद से यहां शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने परिसर में फैली गंदगी के साथ-साथ घास के जंगल की सफाई अविलंब कराने की बात कहीं। श्री सिंह ने बताया कि आयुक्त कार्यालय की ओर से बस स्टैंड के लिए करीब डेढ़ करोड़ रूपये की सुरक्षित राशि का प्रावधान किया गया था। लेकिन इस दिशा में किसी ने भी खासी दिलस्चपी ने दिखाई। लिहाजा, बस स्टैंड से बसों के परिचालन सुनिश्चित कर फिलहाल विभागीय स्तर से ही वसूली की जाएगी। उन्होंने अप्रैल में बस स्टैंड की बंदोबस्ती हो जाने की उम्मीद जताई। मौके पर एडीएम मोबीन अली अंसारी, सदर एसडीओ डॉ. गजेन्द्र प्रसाद सिंह, सदर बीडीओ गंगा सागर सिंह, सदर सीओ राकेश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग 1 दरभंगा के अधिकारी व सदर थाना के अध्यक्ष आदि मौजूद थे। बता दें कि ग्रामीण विकास विभाग के सम विकास योजना से वर्ष 2012 में बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन बीच में कथित कारणों से कार्य रूक गया। बाद में पुन: दूसरे संवेदक को इसका निर्माण कार्य मिला। वर्ष 2016 के नबंबर में संवेदक की ओर से बस स्टैंड को हैंडओवर कर दिया गया।

दिल्ली मोड़ स्थित अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण पर कुल 3 करोड़ 70 लाख रूपये की लागत आई है। हालांकि वर्ष 2012 में करीब 2 करोड़ 81 लाख की लागत से इसका निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन कार्य शुरू होने के बाद संवेदक कंपनी की ओर से कथित कारणों से काम बंद कर दिया गया। इसके बाद पुन: इसका टेंडर हुआ। नए टेंडर के बाद राशि बढ़कर 3 करोड़ 70 लाख हो गई। संवेदक की ओर से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया।

दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड निर्माण काल से ही विवादों के साए में रहा। शुरूआत के दिनों में एयरफोर्स स्टेशन की ओर से इसके निर्माण कार्य में अड़ंगा लगाया गया। एयरफोर्स ने सुरक्षा दृष्टिकोण का हवाला देते हुए कुछ दिनों तक निर्माण कार्य को रोके रखा। लेकिन बाद में यह समस्या खत्म हो गई। इसके बाद दरभंगा राज परिवार की ओर से अपनी जमीन बताते हुए पुन: निर्माण कार्य को रोक दिया गया। इसके बाद काफी दिनों तक यह मामला अटका रहा। लेकिन जिला प्रशासन की पहल पर किसी तरह मामले को निपटा कर बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इसके बाद बस स्टैंड पर अधिपत्य को लेकर एक बार यहां खूनी संघर्ष भी हुआ। जिसमें एक की जान चली गई।

दिल्ली मोड़ पर करीब 14 एकड़ में नए बस स्टैंड का निर्माण कराया गया। यहां बसों के प्रवेश व निकास द्वार के साथ-साथ एक अपातकालीन द्वार का भी निर्माण कराया गया। इसके अलावा पेयजल के लिए चापाकल लगाए गए। इसके अलावा स्ट्रीट लाईट भी लगाए गए, जो खराब पड़े हुए है। वहीं बस स्टैंड के भीतर करीब 20 शौचालय का निर्माण कराया गया। बस स्टैंड में 20 प्लेटफॉर्म के निर्माण के साथ-साथ एक हनुमान की मंदिर भी बनाई गई। वहीं, बाहरी परिसर में पुलिस पिकेट का निर्माण कराया गया।

उचित रख-रखब के अभाव में बस स्टैंड में बनाए गए अधिकांश शौचालय व प्लेटफॉर्म जर्जर ही नहीं बल्कि टूट चुकी है। वहीं कई शौचालयों के दरवाजे टूटने के कगार पर है। परिसर में जगह-जगह गंदगी के अलावा घास के जंगल उग आए है। प्लेटफॉर्म के बगल में लगाई गई ग्रील भी टूट चुकी है। वहीं यात्री शेड में यात्रियों के बैठने के लिए बनाई गई सीमेंट की सीट भी टूट गई है। इसके अलावा सो¨लग भी जगह-जगह टूट कर गढ्ढे में तब्दील हो चुकी है। डीएम के निर्देश के बाद ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रक्कलन तैयार कर इस दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।

Share

Leave a Reply