
इंसान के साथ जानवर पर भी दिखा ठंढ का असर, फिर भी प्रशासन पर यह दर्द है बेअसर! Voice of Darbhanga

दरभंगा। अभिषेक कुमार
लगातार बढ़ रही ठंढ और लुढ़कते पारे के बीच जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा सभी अंचलों में अलाव केलिए राशि आवंटित करवा दिए जाने के वाबजूद चौक चौराहों पर कहीं अलाव की व्यवस्था नही दिख रही है। शहरी क्षेत्र में भी इसका अभाव स्पष्ट दिख रहा है। कुछ जगहों पर निजी स्तर पर सहयोग से अलाव की व्यवस्था दिख भी जाती है। पर प्रशासनिक व्यवस्था नदारद ही दिखती है।
बुधवार को सिंहवाड़ा अंचल के भरवाड़ा बाजार में स्थानीय व्यवसायी कमलदेव ठाकुर में द्वारा निजी स्तर पर अलाव की व्यवस्था की गयी थी जिसका लुफ्त इंसान तो उठा ही रहे थे, एक बकरा भी वहां पहुँच गया। बकरा आग के काफी नजदीक जा कर आग सेंक रहा था। लोगों के बीच यह कौतूहल का विषय था। परंतु किसी ने उस बकरे को भगाया नही। मानवता दिखाते हुए उस बकरे को भी आग सेकने दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इतने व्यस्तम भरवाड़ा बाजार जहाँ लोग सुबह से लेकर रात तक आते जाते रहते हैं, वहां भी प्रशासन की तरफ से इस
कड़ाके की ठंढ में कहीं अलाव की व्यवस्था नही की गयी है। ऐसे में लोग दर्द के साथ कहते नजर आये कि इस कड़कती ठंढ का असर इंसान तो इंसान, जानवर पर भी दिख गया। पर पता नही, ये प्रशासनिक अधिकारी किस चीज़ के बने हुए हैं कि इस मार्मिक दृश्य को देखकर भी उनका हृदय नही पसीज रहा ताकि अलाव की अविलम्ब व्यवस्था करें।

