Home मुख्य रंगदारी की मांग के आरोप को लेकर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा। Voice of Darbhanga
मुख्य - January 4, 2018

रंगदारी की मांग के आरोप को लेकर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: फोन पर रंगदारी मांगी जाने की शिकायत एक ठेकेदार की ओर से की जाने पर गुरुवार को लहेरियासराय थाना की पुलिस अविलम्ब एक्शन में आ गई। ठेकेदार की ओर से जिन लोगों पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था, उन्हें तत्काल लहेरियासराय पोलो मैदान से हिरासत में लेकर थाना ले आया गया। इसके बाद काफी देर तक वहां हाई वोल्टेज ड्रामा चला। दोनों पक्षों की ओर से दर्जनों लोग थाना पहुंच गए। पूछताछ के क्रम में बात सामने आयी की ठेकेदारी के विवाद को लेकर रंगदारी मांगने की कहानी रची गई थी। यह बात सामने आने पर थाना लाए गए दोनों लोगों को पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया।

बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबिलपुर निवासी मृत्युंजय झा ने थाना पहुंचकर आरोप लगाया था कि खाजासराय निवासी राकेश कुमार व हरपट्टी निवासी रोशन कुंवर ने फोन पर उनसे रंगदारी मांगी है। इसी शिकायत पर पुलिस रोशन व राकेश को हिरासत में लेकर थाना ले आयी। सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद व लहेरियासराय इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राम किशोर शर्मा ने दोनों युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में यह बात सामने आयी कि भवन निर्माण विभाग में टेंडर के सिलसिले में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर दोनों युवकों पर रंगदारी मांगने का इल्जाम लगाया गया था। इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष राम किशोर शर्मा ने बताया कि रंगदारी मांगने का अरोप गलत साबित हुआ। हिरासत में लिए गए दोनों लोगों को पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया।

Share

Leave a Reply