
बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन केलिए बनेगी 418 किमी लम्बी मानव श्रृंखला। Voice of Darbhanga

दरभंगा : 21 जनवरी को दोपहर 12 से 12.30 बजे तक जिले में कुल 418 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला बनायी जायेगी. मानव शृंखला में प्रति किलोमीटर में दो हजार लोग शामिल होंगे. ” बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन ” के समर्थन में बनने वाली ” मानव शृंखला ” के सफल आयोजन के लिए डीएम डॉ चन्द्रशेखर सिंह ने विभिन्न कोषांगों का गठन किया है. कार्मिक कोषांग का स्थल अपर समाहर्ता कार्यालय होगा. इसके वरीय प्रभारी पदाधिकारी अपर समाहर्ता मो. मोबीन अली अंसारी होंगे.
कोषांग के नोडल पदाधिकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी(सर्व शिक्षा अभियान), भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर एवं आईटी मैनेजर होंगे. कोषांग के समन्वयक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) होंगे. कोषांग का दायित्व समन्वयक, सेक्टर, जोनल, सुपर जोनल में तैनाती, प्रति किलोमीटर वार दो हजार व्यक्तियों की सूची समन्वयक, सेक्टर एवं प्रखण्ड प्रभारी से प्राप्त करना, प्रतिनियुक्ति पदाधिकारी/कर्मियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराना, सभी जन प्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र वितरण सुनिश्चित कराना आदि कार्य होगा.
सरकारी कर्मियों/राजनीतिक दलों एवं विश्वविद्यालय/महाविद्यालय की सहभागिता कोषांग का स्थल जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में बनाया गया है. कोषांग का दायित्व सरकारी कार्यालय के कर्मियों की गणना, राजनीतिक दलों, विश्वविद्यालयों के पदाधिकारी, कर्मी, महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक का आयोजन एवं संख्या निर्धारित कर सहभागिता एवं अन्य कार्य होगा. प्रतिभागी कल्याण कोषांग का स्थल नगर निगम होगा. कोषांग का दायित्व पेयजल, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार को रूट चार्ट के अनुसार प्रत्येक प्रखंड के मार्ग पर उपलब्ध कराना होगा. परिवहन कोषांग अपर समाहर्ता कार्यालय में बनाया गया है.
कोषांग का दायित्व वाहन की आवश्यकता का आकलन करना एवं वाहन ससमय उपलब्ध कराना है. यातायात प्रबंधन कोषांग तीनों अनुमण्डल कार्यालय में होगा. कोषांग का दायित्व रूट लाइनिंग, वाहन परिचालन
नियंत्रण, विधि-व्यवस्था एवं अन्य कार्य होंगे. प्रसार-प्रसार कोषांग साक्षरता मिशन कार्यालय में बनाया गया है. कोषांग का काम सीडी एवं कला जत्था के जरिए प्रचार-प्रसार, अपील वितरण, पोस्टर, बैनर एवं दिवाल लेखन करवाना निर्धारित किया गया है. वहीं कम्यूनिकेषन प्लान कोषांग एनआइसी कार्यालय में बनाया गया है. कोषांग का दायित्व कम्यूनिकेशन प्लानिंग, प्रति किलोमीटर वार रूट चार्ट में व्यक्तियों के नामों का निर्धारण एवं अन्य कार्य होगा.

