
भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ नवाह यज्ञ शुरू। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के हायाघाट प्रखण्ड के बांसडीह गांव स्थित हनुमान मंदिर में गुरुवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ दस दिवसीय नवाह महायज्ञ शुरू हुआ। अहले सुबह गाजे-बाजे के साथ रंग-बिरंगे परिधानों में सजी 981 कुंवारी कन्याओं ने कलश शोभा यात्रा निकाली। कलश यात्रा बांसडीह, चकवा, बेता होते हुए बेता स्थित करेह तट पर पहुंचकर वापस गांव की परिक्रमा करते हुए यज्ञस्थल पहुंची। जहां पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश को स्थापित किया गया। इस बीच जय श्रीराम के जयकारे से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। ठंड की परवाह किए बिना हजारों की संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गांव की हर राह यज्ञ की ओर मुड़ रही थी। अगल-बगल के कई गांवों से आए श्रद्धालुओं का तांता पूरे दिन लगा रहा। यज्ञ परिसर समेत अगल-बगल हर कोना भक्तों से भरा हुआ था। वहीं विभिन्न गांवों से आई संकीर्तन मंडली ने भक्ति का ऐसा समां बांधी कि पूरी रात भक्ति रस में लोग गोता लगाते रहे। वहीं, संकीर्तन मंडली की प्रस्तुति से पूरा बांसडीह गांव गुंजायमान होता रहा। छोटे-छोटे बच्चे और युवाओं में गजब की खुशी झलक रही थी। जैसे-जैसे दिन ढ़लता गया और रात परवान चढ़ती जा रही थी, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की तादाद बढ़ती जा रही थी। यज्ञ स्थल पर विभिन्न देवी-देवताओं की स्थापित प्रतिमा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही। हायाघाट थानाध्यक्ष सुनील कुमार स्वंय सुरक्षा- व्यवस्था की मॉनेटरिंग कर रहे थे।

