
केंद्र से राशि नही मिलने के कारण बकाया है मनरेगा के मजदूरों का भुगतान: मंत्री। Voice of Darbhanga
दरभंगा: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. श्रवन कुमार ने अररिया से लौट ने के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार में 70 से 75 हजार इंदिरा आवास का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन सिर्फ 31 हजार मकान ही बनकर तैयार हुए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2018 तक 42 हजार मकानों को पूर्ण कर लिया जाएगा. ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि 568 पंचायतों को ओडीएफ से जोड़ दिया गया है. लोहिया स्वास्थ्य योजना के तहत शौचालय के लिए 12 हजार प्रत्येक लाभुकों को दिया जाता है, लेकिन पैसा मिलने के बावजूद कार्य प्रगति पर नहीं देखा जाता है. उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत 22 करोड़ रुपए मजदूरों का बकाया है. उन्होंने सीधे तौर पर सार्वजनिक रूप से इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि केंद्र से पैसा नही मिलने के कारण मजदूरों का भुगतान बकाया है. इसके लिए लेकर केंद्र सरकार से पत्राचार किया गया है. पैसा मिलते ही मजदूरों का भुगतान कर दिया जाएगा. ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि अब मनरेगा के द्वारा स्कूलों से लेकर पंचायतों तक 10 हजार खेल मैदान बनाया जाएगा. इसके अलावा हाई स्कूल और मध्य विद्यालय का बाउंड्री वॉल भी कराया जाएगा. श्री कुमार ने बताया कि सभी पंचायतों में रोजगार मुहैया कराने के लिए सरकार कृतसंकल्पित है. उन्होंने कहा कि गाय-भैंस, मुर्गी पालन के लिए पंचायतों में शेड बनाकर महादलितों को सब्सिडी दी जाएगी. ग्रामीण विकास मंत्री ने माना कि इंदिरा आवास लोहिया स्वास्थ्य अभियान में बिचौलियों की
दखलंदाजी है. जिस को देखते हुए उन पर कड़ी कारवाई करने का हुकुम सभी जिलाधिकारी को दिया गया है. इसके अलावा किसानों को जल यंत्र योजना के तहत खेतों में पानी उपलब्ध कराया जाएगा. इस मौके पर हायाघाट के जदयू विधायक अमरनाथ गामी, नवीन सिंह, मृदुला राय, राम मोहन झा, गंगा प्रसाद सिंह, प्रीति मोहन, अखिलेश सिंह, अशोक सिंह, संजीव राय आदि मौजूद थे.

