
सात निश्चय योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाएं : जिलाधिकारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिला पदाधिकारी दरभंगा डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में सरकार के सात निश्चय योजना की समीक्षात्मक बैठक शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में आहूत की गई. सरकार के सात निश्चय योजना के अन्तर्गत घर-घर बिजली लगातार योजना की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षोपरान्त बैठक में जानकारी दी गई कि जिला में एपीएल एवं बीपीएल के कुल 2 लाख 41 हजार घरों में विद्युत कनेक्सन दिया जाना था. जिसमें से अभी तक कुल 88 हजार 642 घरों में विद्युत कनेक्सन उपलब्ध करा दिया गया है. जिला के 11 पंचायत में शत-प्रतिशत विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करावा दिया गया है. इनके नाम है अलीनगर प्रखण्ड का नरमा-नावानगर पंचायत, बहेड़ी प्रखण्ड का हरहच्चा पंचायत, बिरौल प्रखण्ड का भवानीपुर एवं डुमरी पंचायत, दरभंगा सदर प्रखण्ड का शिशो पश्चिम, हनुमाननगर प्रखण्ड का नैयाम-छतौना पंचायत, केवटी-रनवे प्रखण्ड का असराहा पंचायत, किरतपुर प्रखण्ड का कैशा जमालपुर पंचायत, कुशेश्वरस्थान प्रखण्ड का हरिनगर पंचायत, मनीगाछी प्रखण्ड का ब्रह्मपुर पंचायत, सिंहवाड़ा प्रखण्ड का बनौली पंचायत. पंचायतों में विद्युत कनेक्शन हेतु शिविर लगवाया जा रहा है. इन शिविरों में वैसे घरों के लोग जिनका विद्युत विपत्र के जमा नहीं करने के कारण घर का विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दिया गया है, इन शिविरों में जाकर विद्युत कनेक्शन विपत्र की राशि जमा करवा कर पुर्नस्थापित करवा सकते हैं. जल्द ही जिले में अनधिकृत रूप से विद्युत का उपभोग करने वालों के विरूद्ध छापामारी अभियान चलाया जाएगा. इस क्रम में पकड़े जाने पर कड़ी कानूनी कारवाई की जाएगी. स्टुडेन्ट क्रेडिट कार्ड, हर घर नल का जल, घर तक पक्की गली-नाली योजना, शौचालय निर्माण के अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. समीक्षोपरान्त जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि सरकार के सात निश्चय के अन्तर्गत आने वाली सारी योजनाएं सरकार के सर्वोच्च प्राथमिकता सूची में है. अतएव इसमें अपेक्षित रूचि लेते हुए इन योजनाओं में तीव्रता लाने का निदेश दिया. ताकि ससमय सारी योजनाएं पूर्ण की जा सकें. उक्त बैठक में नगर आयुक्त नागेन्द्र कुमार सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी-सह-प्रभारी निदेशक डीआरडीए वशीम अहमद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुधन कामती, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, प्रभारी आई.टी. प्रबंधक पूजा चौधरी व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

