
खबर का असर: रामबाग नहर को भरने वाले भूमाफियाओं पर प्राथमिकी का आदेश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: रामबाग गरखई नहर को भरे जाने से रोकने एवं भरने वाले भूमाफियाओं को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश शनिवार देर शाम विश्विद्यालय थाना को एएसपी दिलनवाज अहमद द्वारा जारी किया गया है। साथ ही कोताही बरतने पर कड़ी कारवाई की चेतावनी भी दी गयी है।
ज्ञात हो कि सदर अंचल अंतर्गत विश्विद्यालय थाना क्षेत्र के शहर के रामबाग स्थित गरखई नहर को लगातार भूमाफियाओं द्वारा भरा जा रहा था। तमाम शिकायतों के वाबजूद भराई का काम धड़ल्ले से चल रहा था। बहुत दवाब पड़ने पर थाना द्वारा मिट्टी भर रहे एकाध ट्रैक्टर को पकड़ कर थाने से छोड़ने का खेल चल रहा था।
इसी संदर्भ में वॉयस ऑफ़ दरभंगा द्वारा शनिवार को सबूतों एवं सरकार के पत्रों एवं अधिकारियों के आदेशों को उधृत करते हुए “खुलासा: तमाम आदेशों को धत्ता बताकर भरा जा रहा है रामबाग परिसर का गरखई नहर” शीर्षक से प्रमुखता से इस खबर को लिखा गया। प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मुद्दे पर जिलाधिकारी डा0 चंद्रशेखर सिंह द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सदर एसडीओ गजेंद्र प्रसाद सिंह को त्वरित कारवाई का निर्देश दिया गया। एसडीओ श्री सिंह द्वारा इसकी जानकारी एएसपी दिलनवाज अहमद को देते हुए थाना द्वारा लापरवाही की शिकायत की गयी। इसके बाद शनिवार को आयोजित क्राइम मीटिंग में भी एएसपी श्री अहमद द्वारा इस संबंध में करवाई हेतु विश्विद्यालय थानाध्यक्ष को कड़ा निर्देश दिया गया। साथ साथ देर शाम इस संबंध लिखित रूप से भी मिट्टी भराई को हर हाल में रोकने और भूमाफियाओं को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी करने की सूचना भी पुलिस के विश्वस्त सूत्रों से मिली है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि एएसपी श्री अहमद द्वारा इसे काफी गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष को कोताही बरतने पर कारवाई केलिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी गयी है।
उपरोक्त आदेश का पालन करते हुए यदि पुलिस द्वारा भूमाफिया को चिन्हित कर कारवाई की जाती है तो यह शहर में फैले भूमाफियाओं के वर्चस्व को एक बड़ा झटका होगा तथा आमलोगों का विश्वास पुलिस में बहाल रहेगा
कि पुलिस बड़े भूमाफियाओं पर भी शिकंजा कसने में सक्षम है। इस कारवाई के बाद बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश के आलोक में नगर निगम को अतिक्रमित नहर से मिट्टी हटा कर पुनः मूल स्वरूप में लाने की जिम्मरवारी भी होगी ताकि आमलोगों में सरकार एवं प्रतिनिधियों पर विश्वास बहाल रह सके।

