
नगर निगम की लापरवाही से घरों में घुसा नाले का पानी, विरोध में सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एक ओर दरभंगा में जहाँ भीषण ठंड का सामना यहां के लोग कर रहे हैं, वहीँ ऐसी विपरीत परिस्थिति में नगर निगम के निष्क्रियता के चलते लोगों के घरों में नाली का पानी चला जाय, तो स्वभाविक है कि लोगों में आक्रोश व्याप्त होगा ही और ऐसा ही हुआ. आक्रोशित लोगों ने दरभंगा-लहेरियासराय मुख्य मार्ग को मौलागंज मंदिर के निकट सड़क जाम कर दिया. जिसके कारण इस मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित हुआ. हुआ यूं कि नगर निगम के वार्ड न.28 और 25 में चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर मुहल्ला के दोनों भागों में जल-जमाव की स्थिति
पैदा हो गयी है. हालत इस कदर बदतर हो गई है कि कई घरों में भी गंदा पानी घुस गया है. सड़कों पर तो दो-तीन दिनों से पानी फैला हुआ है. सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से वार्ता के क्रम में नगर आयुक्त से बातें की गई. नगर आयुक्त ने दो-तीन दिनों में पम्प सेट के सहारे जल निकासी कराने की बात कही और नाला निर्माण कार्य जारी रखने की बात कही, तब जाकर लोगों ने सड़क जाम हटाया और यातायात सामान्य हुई.

