
साढ़े आठ लाख लोग बनायेंगे 418 किमी लम्बी मानव श्रृंखला: जिलाधिकारी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिला पदाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह ने कहा है कि बाल विवाह व दहेज प्रथा एक सामाजिक कुरीति है। इसके खिलाफ राज्य सरकार ने अभियान चला रखा है। इसके तहत 21 जनवरी को मानव श्रृंखला आहूत की गई है। इसमें एकजुटता का परिचय देना है। डीएम मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, प्रखंड प्रमुखों व जिला पार्षदों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मानव श्रृंखला में अपना पूर्ण सहयोग करने की अपील की। बाल विवाह एवं दहेज प्रथा को सामाजिक कुरीति एवं अभिशाप बताते हुए इसके विरोध में एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए आहूत मानव श्रृंखला को आज की समय की मांग बतायी। जिला परिषद अध्यक्ष गीता देवी ने जिला पदाधिकारी को आश्वस्त करते हुए कहा कि उपस्थित सभी पार्षदगण पूरी तत्परता एवं मनोवेग के साथ मानव श्रृंखला निर्माण में शिरकत करेंगे। जिला जदयू अध्यक्ष सुनील भारती ने पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो ने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा को सामाजिक कलंक बताया। इसके पूर्णरूपेण समाप्ति के लिए व्यापक वातावरण निर्माण की आवश्यकता जताई। बैठक में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी वशीम अहमद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुधन कामती,डीपीआरओ कन्हैया कुमार आदि थे। बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में डीएम ने मानव श्रृंखला के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में इस बार 418 किलोमीटर में मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। जिसमें 836000 लोगों की भागीदारी होगी। मानव श्रृंखला के लिए 30 रूट निर्धारित किए गए हैं।

