
बोलेरो मालिक की हत्या कर लूट ली बोलेरो। Voice of Darbhanga

दरभंगा। 10 जनवरी की रात लक्ष्मीसागर निवासी राजन यादव ने दरभंगा जंक्शन से मुजफ्फरपुर के लिए बोलेरो को बुक किया। राजन ने इसकी जानकारी फोन पर चंदन को दी। चंदन ने राजन से कहा कि वह उसके साथ मुजफ्फरपुर जाएगा। राजन गाड़ी लेकर दरभंगा जंक्शन से मुजफ्फरपुर के लिए निकला। रास्ते में कटहलबाड़ी फ्लाईओवर के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से सवारी ने कुछ पैसे निकाले। उसमें से ड्राइवर को उसने डीजल भराने के लिए पांच सौ रुपये भी दिए। बताया जाता है कि गाड़ी पर दो पुरूष व एक महिला सवार थी। बेला दुर्गामंदिर के पास राजन ने चंदन को भी साथ ले लिया। चंदन के घर से निकलते वक्त परिजनों को बताया कि वह सवारी को छोड़कर कुछ देर में मुजफ्फरपुर से लौट जाएगा। लेकिन चंदन के निकलने के कुछ घंटे बाद ही उसे गोली मार कर बोलेरो लूटे जाने की खबर खबर परिजनों को किसी ने फोन पर दी। इसके बाद तो मानो उसके घर में कोहराम मच गया। इधर, चंदन का शव दिन के करीब ढ़ाई बजे मुजफ्फरपुर से पहुंचा। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि 10 जनवरी को मुजफ्फरपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसाही डुमरी रोड पर जैसे ही बोलेरो फोरलेन की तरफ बढ़ी कि परमानंदपुर के समीप अपराधियों ने चंदन को गोली मारकर बोलेरो लूट ली।
कमाउ पुत्र की मौत की खबर से चंदन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोगों को सहसा यकीन नहीं हो रहा कि अब चंदन इस दुनिया में नहीं रहा। एकमात्र कमाउ पुत्र होने के कारण घर के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी चंदन के कंधों पर ही थी। चंदन की मौत की खबर मिलते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास की महिलाएं उनका ढ़ाढ़स बंधा रही थी। जिस किसी ने भी चंदन की मौत की खबर सुनी, उसके घर की ओर दौड़ पड़ा। खासकर बाघ मोड़ से टेम्पो चालकों की भीड़ इस दौरान अपना सारा कामकाज छोड़ चंदन के घर की ओर उमड़ पड़ी।

