
प्रशासन के नाक के नीचे चोरी हुई मानव श्रृंखला को लेकर आयोजित बैठक में आये शिक्षक की बाइक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा में बाइक चोरी की घटनाएं अचानक बढ़ गयी है। आये दिन कहीं न कहीं बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। चोरो की हिम्मत इस कदर बढ़ गयी कि आज शनिवार को प्रशासन को चुनौती देते हुए समाहरणालय परिसर स्थित अम्बेदकर सभागार भवन के सामने से एक शिक्षक की ब्लैक एंड रेड कलर की पल्सर बाइक दिनदहाड़े उड़ा ली। यूनिवर्सिटी थानाक्षेत्र के कबड़ाघाट निवासी पीड़ित शिक्षक सुधीर कुमार झा ने इस संबंध में लहेरियासराय थाना को इस आशय का आवेदन देते हुए बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर वे 21 जनवरी 2018 को आहूत बिहार सरकार के मानव श्रृंखला के संबंध में आयोजित बैठक में भाग लेने अम्बेदकर सभागार 11 बजे पहुँचे। बैठक में शिक्षा विभाग के निदेशक विनोदानंद झा आये हुए थे। करीब दो बजे बैठक खत्म होने पर जब वे बाहर आये तो अपनी बाइक गायब पायी। आसपास अपने स्तर से पूछताछ करने के बाद उन्होंने इस चोरी की सूचना का आवेदन लहेरियासराय थाना को दिया है। उनकी पल्सर बाइक का नम्बर- BR07AB 3431, चेसिस नम्बर- MD2A11CY2HRD49058 तथा इंजन नम्बर – DHYRHD85438 है।

