
दारु के बाद अब लॉटरी के अड्डे पर भी छापेमारी करने खुद पहुँचे एएसपी, सरगना धराया। Voice of Darbhanga
दरभंगा: दारु माफियाओं पर नकेल कसने के साथ साथ दरभंगा के एएसपी दिलनवाज अहमद अब लॉटरी के अड्डो पर भी स्वयं छापेमारी करने पहुँचने लगे हैं। बात जब नशा और लॉटरी आदि जैसे मामलो की हो तो श्री अहमद उसे थानाध्यक्षो के भरोसे नही छोड़ते, बल्कि एएसपी का रौआब में बैठे न रह कर खुद के नेतृत्व में छापेमारी करने पहुँच जाते हैं ताकि कहीं एक भी लॉटरीबाज बीच न जाय। शनिवार को भी दरभंगा नगर थाना क्षेत्र महदौली आम गाछी के पास पुलिस ने एएसपी दिलनावज अहमद के नेतृत्व में छापेमारी कर एक नंबरी लॉटरी के सरगना सहित छह जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस को देखते ही कई जुआरी कूद-फांद कर भाग गए। बावजूद छह को दबोच लिया गया। पकड़े गए लोगों के पास 23 हजार 680 रुपये, भारी संख्या में लॉटरी के टिकट, रजिस्टर, कागजात, चार मोबाइल, एक बाइक, तीन साइकिल सहित आदि सामान बरामद किए गए। एएसपी दिलनाबाज अहमद ने बताया कि महदौली आम गाछी के पास लंबे समय से लॉटरी का धंधा चल रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर कई बार छापेमारी की गई। इसमें कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। लेकिन, हर बार सरगना पप्पू मंडल चकमा देकर फरार हो जाता था। लेकिन, इस बार नगर थाने की पुलिस व दंगा नियंत्रण दस्ता के जवान ने दो दिशाओं से जुआ अड्डा को घेर कर छापेमारी की। इसमें पप्पू मंडल को दबोच लिया गया। वह किलाघाट रामबाग मोहल्ला निवासी विनोद मंडल का पुत्र है। हालांकि, धावा बोलने के दौरान कई लॉटरी खेलने वाले भाग निकले। बावजूद, लॉटरी खेल रहे पांच को गिरफ्तार
कर लिया गया। लॉटरी खेलने वालों में किलाघाट रामबाग मोहल्ला के धनराज सहनी, सेनापत क मुन्ना महतो, वाजितपुर के अजय पासवान, उर्दू के मो. जाकीर व मो. मिन्टू शामिल हैं। छापेमारी अभियान में नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।

