
राजद ने बक्सर में रची थी मुख्यमंत्री के हत्या की साजिश: संजय झा। Voice of Darbhanga
दरभंगा (विशेष संवादाता): जदयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने आज मंगलवार को अपने दरभंगा दौरे के दौरान प्रेस मीट में एक बड़ा बयान दिया है जिससे सियासी तूफ़ान खड़ा होने की आशंका प्रबल हो गयी है। उन्होंने कहा है कि बक्सर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हत्या की साजिश रची गई थी और यह राजद का प्रायोजित कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि बक्सर में विकास समीक्षा यात्रा के दौरान सीएम के काफिले पर किया गया हमला उसी साजिश के तहत किया गया। इसमें राजद का हाथ है ।
संजय झा मंगलवार को जिले के मनीगाछी प्रखंड के ब्रह्मपुरा खेल मैदान में मकर संक्रांति समागम समारोह को संबोधित कर रहे थे । उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहा विकास लोगों से देखा नहीं जा रहा है। राजनितिक रूप से हराना संभव नही है, इसलिए रास्ते से ही हटाने का प्लान बनाया गया। वर्ना जहाँ मुख्यमंत्री विकास कार्य केलिए जा रहे हैं, वहां लोग पत्थर बरसायेंगे भला! तब तो जितने
मुख्यमंत्री पूर्व में हुए उनको तो लोग पत्थर मार मार कर मार देते। मुख्यमंत्री पर पत्थर फेंकने के लिए लोग पत्थर जमा करके नही रखेंगे, बल्कि राजद द्वारा एक दिन पूर्व पैसा देकर पूरी तैयारी करवायी गयी थी जो जांच रिपोर्ट में भी आ रहा है।
जदयू महासचिव ने स्पष्ट लहजों में चुनौती देते हुए कहा कि राजद वालो को जो करना हो कर लें लेकिन सीएम की यात्रा जारी रहेगी और बिहार में विकास चलता रहेगा।
बता दें कि बक्सर में विकास समीक्षा यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार के काफिले पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया था जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस घटना की जांच चल रही है और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

