
जलकरो की बन्दोबस्ती ससमय नही कर राजस्व की क्षति के आरोप में मत्स्य पदाधिकारी निलंबित। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिला मत्स्य पदाधिकारी कुमार विमल प्रसाद को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। उनके उपर हनुमान नगर प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड के साथ जलकरों की बंदोबस्ती ससमय नहीं करने के कारण राजस्व की क्षति का आरोप है। विभाग ने निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय उप मत्स्य निदेशक मुंगेर परिक्षेत्र रखा है। ज्ञात हो कि हनुमान नगर मत्स्यजीवी सहयोग समिति की मंत्री प्रमिला देवी ने पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के मंत्री के यहां जुलाई 2017 में मत्स्य पदाधिकारी के खिलाफ आवेदन दी थी। इसमें उन्होंने बताया था कि मत्स्य पदाधिकारी के बंदोबस्ती नहीं करने के कारण 15 लाख राजस्व की क्षति हुई है। साथ ही
उन्होंने आरोप लगाया कि हनुमान नगर मत्स्यजीवी सहयोग समिति का अस्तित्व उच्च न्यायालय के द्वारा 2014 में ही समाप्त कर दिया गया। उसके बावजूद मत्स्य पदाधिकारी ने आज तक बंदोबस्ती बरकरार रखा। इसके अलावा नई समिति के अस्तित्व में आने के बाद भी बंदोबस्ती नहीं किया गया। बंदोबस्ती के लिए 23 नवंबर 2017 को भी विभागीय आदेश आया था। इसका भी उल्लंघन मत्स्य पदाधिकारी ने किया।

