
शुभंकरपुर के युवक की लाश रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ी में मिली। Voice of Darbhanga
दरभंगा: हायाघाट-रामभद्रपुर रेलखंड पर मंगलवार की सुबह हायाघाट रेलवे आउटर सिग्नल से तीन-चार सौ मीटर दक्षिण में झाड़ी में एक 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने शव के पास मौजूद आधार कार्ड के आधार पर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। वहीं लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी समस्तीपुर को भी दी। इधर सूचना मिलते घटनास्थल पर पहुंचे जीआरपी कांस्टेबल चंद्रकांत वर्मा ने बताया कि उक्त युवक की पहचान दरभंगा जिले के शुभंकरपुर निवासी शंभू राउत के 23 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी परिजनों को दी जा चुकी है। खबर लिखे जाने तक परिजन भी पहुंच चुके थे। इधर उक्त घटना को लेकर
लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। ज्यादातर लोग इसे ट्रेन से गिरने की बात बता रहे हैं।
शुभंकरपुर में इसकी सूचना पहुँचते ही गम का माहौल हो गया। शुभंकरपुर निवासी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति नेता बालेन्दु झा ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इसे व्यक्तिगत क्षति बताया है।

