
शराबबंदी से भी ज्यादा बड़ी रही दहेज़ एवं बाल विवाह के विरुद्ध बनी मानव श्रृंखला: जिलाधिकारी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: दरभंगा में मानव श्रृंखला में 8 लाख 59 हजार 911 लोगों ने हिस्सा लिया। यह भागीदारी शराबबंदी के समर्थन में बनी मानव श्रृंखला से ज्यादा है। उस समय सात लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। यह जानकारी जिला पदाधिकारी डॉ.चंद्रशेखर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मानव श्रृंखला जिले में ऐतिहासिक रही। ठंड के बावजूद लोगों में खासा उत्साह दिखा। चिन्हित सभी 30 रूटों पर लोगों की जबर्दस्त भागीदारी रही। इसमें प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी, खादय आपूर्ति मंत्री मदन सहनी, विधायक संजय सरावगी, विधायक अमरनाथ गामी, विधायक सुनील चौधरी, विधायक शशि भूषण हजारी, एसएसपी सत्यवीर सिंह,जदयू जिला अध्यक्ष सुनील भारती ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी । इसे देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ी रही। स्कूली बच्चों की तादाद काफी अधिक रही। शहर में कहीं-कहीं दो- दो कतार भी लगी रही है। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर भी श्रृंखला बनी रही और लोगों की अच्छी भागीदारी रही। भागीदारी के अलावा देखने वालों की भीड़ सड़कों पर लगी रही। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डीएम ने मानव श्रृंखला की सफलता के लिए इसमें शामिल जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों,डॉक्टरों सहित आम जनों को बधाई दी। उन्होंने इसे सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान निरंतर लोगों के मन व मस्तिष्क में बना रहे ऐसी कामना है। मंत्री मदन सहनी ने कहा कि लोगों के समाज को स्वच्छ बनाने के संकल्प से ही समाज की गंदगी दूर होगी। विधायक अमरनाथ गामी ने कहा कि आज की मानव श्रृंखला ने नया इतिहास रचा है और यह समाज परिवर्तन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। जदयू जिला अध्यक्ष सुनील भारती ने कहा कि आज की मानव श्रृंखला में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक परिवर्तन का यह पहला कदम है। दूसरी ओर राजद समर्थक समझीं जानेवाली दरभंगा की मेयर बैजयंती देवी खेड़िया ने इसमें भाग नहीं लिया जबकि जिप अध्यक्ष गीता देवी ने मानव श्रृंखला में सक्रिय भागीदारी निभायी। राजद जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव ने मानव श्रृंखला को पूरी तरह फ्लाप बताते हुए कहा कि इसमें आम लोगों का सहयोग नहीं मिला। केवल अधिकारियों व जदयू-भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इसमें सहभागिता निभायी है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता मो. असलम ने भी मानव श्रृंखला को विफल बताते हुए कहा कि इसमें जन भागीदारी नहीं रही। लोगों ने इसमें रुचि नहीं ली।

