
पूर्व एमएलसी के घर पहुँच कर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि। Voice of Darbhanga
दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को बलभद्रपुर स्थित पूर्व एमएलसी विनोद चौधरी के आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे। पूर्व एमएलसी की दिवंगत माता-पिता के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर सीएम ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मदन सहनी, एमएलसी अर्जुन सहनी, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह आदि मौजूद थे। मुख्यमंत्री यहां करीब आधे घंटे तक रुके। इसके बाद उनका काफिला पोलो मैदान स्थित हेलीपैड पहुंचा। वहां से हेलीकॉप्टर से वापस पटना के लिए रवाना हो गये। मुख्यमंत्री दिन के करीब पौने तीन बजे हेलीकॉप्टर से दरभंगा पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दरभंगा आगमन का कार्यक्रम मंगलवार को अचानक बना। आगमन का समय दोपहर दो बजे निर्धारत था। उनके आगमन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी शुरू कर दी गयी। तत्काल पोलो मैदान स्थित हेलीपैड को सुरक्षित कर लिया गया। कई पुलिस बलों व सुरक्षा कर्मियों को मौके पर तैनात कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री के दरभंगा आगमन को लेकर शहर में चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी थी। लहेरियासराय स्थित पोलो
मैदान, हेलीपैड स्थल से लेकर बलभद्रपुर स्थित पूर्व एमएलसी के आवास तक जगह-जगह दर्जनों की संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत सुरक्षा गार्डों के अलावा आईजी, डीआईजी व एसएसपी मुख्यमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर काफी चौकस देखे गये।

