
सभी वर्गों के गरीबो को मिलना चाहिए आरक्षण: मांझी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: गरीब किसी भी जाति अथवा धर्म का हो सबको आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। सवर्ण में भी गरीब हैं। गरीबों की बात तो होती है। गरीबी हटती नही है। ये बातें सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहीं। वे मंगलवार को हराही तालाब के किनारे स्थित बहुद्देशीय भवन में हम (सेक्यूलर) के जिला सह गरीब स्वभिमान सम्मेलन में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थें।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनी अथवा विधानसभा में उनकी पार्टी की अच्छी संख्या रही तो गरीबों के लिए कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री बनने के दौरान उन्होंने गरीबों के लिए कई विकासात्मक योजना बनाई थी। ममता, आशा कार्यकर्ता, टोला सेवक, रसोईया आदि के लिए एक विशेष नीति तैयार की गई थी। श्री मांझाी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि गरीबों के लिए उनके पास कई महत्वपूर्ण योजना थी हालांकि नौ महीने में ही उन्हें चलता कर दिया गया। गरीबों की देखने वाला कोई नहीं है। अतिक्रमण के नाम पर गरीबों की झोपड़ी हटा दिया जाता है और अमीरों का मकान बच जाता है।
युवा वर्ग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि नौजवानों को सरकार पांच हजार रुपया प्रतिमाह दे। साथ ही आमजन की मांग पर मुख्यमंत्री से टॉउन वेंडर कमेटी बनाने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बैलेट से जवाब दिया जाता है। पत्रकारों के पूछने पर श्री मांझाी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर उन्हें विश्वास है। हालांकि विधानसभा चुनाव में सीट बढ़ाने की मांग करेंगे। नीतीश कुमार भी अच्छा कार्य कर रहे हैं। वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने कहा कि
गरीबों के ताकत से ही लोग सत्ता के शीर्ष पर पहुंचते है। जो आपका विकास करे उसे ही वोट दीजिए। उन्होंने कहा कि गरीबों को संगठित कर हम सेक्यूलर सबसे बड़े राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगा। सम्मेलन को सूबे के पूर्व मंत्री महाचन्द्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक रविन्द्र राय, प्रदेश महासचिव ज्योति सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह चन्द्रवंशी, जिला पार्षद माधव झा आजाद आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आर के दत्ता व मंच संचालन रमण कुमार मिश्र ने किया।

