Home मुख्य दुकानदार को लूटकर भाग रहे लुटेरों की ग्रामीणों ने की धुनाई, किया पुलिस के हवाले। Voice of Darbhanga
मुख्य - January 28, 2018

दुकानदार को लूटकर भाग रहे लुटेरों की ग्रामीणों ने की धुनाई, किया पुलिस के हवाले। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के रामपुर चौक के पास शनिवार की देर रात बाइक सवार अपराधी एक दुकानदार से मोबाइल व नकद राशि लूट कर फरार हो गए। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने दोनों को दबोच कर जमकर धुना और पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्त में आए दोनों अपराधी सदर थाना क्षेत्र के रहनेवाले हैं। राजेश यादव नदीकात दिवारी गांव निवासी बलराम यादव का पुत्र है। जबकि दूसरा पप्पू यादव महराजी नवटोली गांव निवासी सिया यादव का पुत्र है। घटना के संबध में बताया जाता है कि गौड़ीटोल गांव निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र कृष्णदेव यादव रामपुर चौक पर अपनी दुकान चलाते हैं। वह देर रात अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहे थे। इसी बीच प्लेटिना बाइक बीआर07जेड-2306 पर सवार दो अपराधियों ने दुकानदार कृष्णदेव को आगे से घेर लिया। मारपीट कर उनसे रेडमी का मोबाइल और दस हजार रुपये नगद राशि लूट लिया। दोनों अपराधी बाइक पर सवार होकर गौड़ीटोल गांव की ओर फरार हो गए। अपने गांव की ओर अपराधियों को जाते देख कृष्णदेव की हिम्मत बढ़ी। उसने अपनी दूसरी मोबाइल से अपने पिता उपेंद्र यादव को घटना की जानकारी दी। बताया कि अपराधी अपने गांव की ओर ही गए हैं। उन्हें आगे से घेर लेने की बात कही। अपराधी गोड़ीटोली गांव पहुंचते उससे पहले ही दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया। इनकी जमकर धुनाई कर दी गई। उसके पास लूटी गई राशि व मोबाइल बरामद कर ली गई। गिरफ्त में आए दोनों अपराधियों से एएसपी दिलनवाज अहमद ने काफी पूछताछ की। दोनों की निशानदेही पर पुलिस अन्य अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने बताया कि दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Share

Leave a Reply