
त्रिमुहानी घाट मेला को मिलेगा राजकीय मेला का दर्जा : मंत्री। Voice of Darbhanga
दरभंगा : कमला-जीवछ नदी के संगम स्थल त्रिमुहानी घाट पर आज माघ पूर्णिमा मेला महोत्सव का उद्घाटन संयुक्त रूप से किया गया. इस अवसर पर राज्य के भवन निर्माण मंत्री सह जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि इस मेला राजकीय मेला का दर्जा दिया जाएगा और अगले वर्ष इसी अवसर पर इसका उद्घाटन होगा. मेला महोत्सव का उद्घाटन मंत्री श्री हजारी, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर, मौनी बाबा, अमरेश बाबा, विधायक जीवेश कुमार मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कविश्वर ठाकुर ने किया. उपस्थित विशाल जन समुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री श्री हजारी ने कहा कि यहां का सर्वांगीन विकास होगा. उन्होंने लोगों को आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक स्तर पर एक कमिटी का गठन करें और त्रिमुहानी घाट के महत्व को विधिवत रेखांकित करें और वह प्रतिवेदन उन्हें दें तो सरकार में मैं प्रयास कर इसे राजकीय मेला का दर्जा दिलाने के लिए पूरी कोशिश करेंगे और पुन: अगले वर्ष माघी पूर्णिमा के अवसर पर मुझे उद्घाटन का मौका मिलेगा. बेनीपुर प्रखंड के जरिसो और लवानी में अवस्थित इस घाट के निकट पशु चिकित्सालय खोलने का आश्वासन दिया. मंत्री ने यहां पहले से स्थापित अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को दूर करने की बात कही. साथ ही कहा कि अगर जमीन उपलब्ध हो, तो उच्च विद्यालय भी खोला जाएगा. इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर ने ईटहरवा से सपहा तक 70 किलोमीटर की दूरी में जीवछ नदी की खुदाई और तटबंध पर सड़क और नदी में सुलिस गेट स्थापित करने की मांग मंत्री से की. उन्होंने कहा कि वे जब यहां के विधायक थे तब इस दिशा में कार्य आगे बढ़ा था और 425 करोड़ की डीपीआर बनकर तैयार है और आपके पहल से यह कार्य पूरा होगा, तो कृषि प्रधान इस क्षेत्र का सर्वांगीन विकास हो सकेगा. कार्यक्रम का आयोजक अमरेश बाबा ने इस स्थल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यक्रम में प्रो. जयशंकर झा के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.

