
ट्रक की ठोकर से बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत। Voice of Darbhanga
दरभंगा: बेनीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर सहिला गांव के निकट गुरुवार की रात ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सोनकी सहायक थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार को डीएमसीएच भेज दिया। जानकारी के मुताबिक बहेड़ा थाना क्षत्र के मौजमपुर निवासी शिक्षक ओमप्रकाश महतो का 30 वर्षीय पुत्र अमर कुमार महतो तथा सगे भाई मदन कुमार महतो का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार महतो एक ही बाइक से पहली फरवरी की रात पौने दस बजे दरभंगा से अपने घर आ रहे थे। घना कुहासा के कारण सहिला गांव के निकट पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया। ट्रक चालक फरार हो गया। सोनकी थानाध्यक्ष धर्मपाल ने बताया कि कोहरा में बाइक सवार ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान यह दुर्घटना हुई है। लाश को डीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है। इस घटना को लेकर थाने में ट्रक चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गयी है। चालक को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

