
रजनीश हत्याकांड के विरोध में सड़कजाम, पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्धों को लिया हिरासत में। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के कबिलपुर स्थित बाबू साहेब कॉलोनी निवासी रामप्रकाश झा के पुत्र रजनीश झा की चाकू गोदकर हत्या के विरोध में लोगों ने सोमवार को चट्टी चौक को जाम कर दिया। मृतक के शव को सड़क पर रखकर वे लोग प्रशाशन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। बाद में प्रभारी डीएसपी प्रफुल्ल कुमार सिन्हा ने पहुँच कर लोगों को समझाया बुझाया। काफी मशक्कत के बाद भी जब लोग जाम हटाने को तैयार नही थे तो पुलिस ने कुछ स्थानीय नेताओं की मदद ली। नेताओं ने हर बार की तरह लोगों को समझाने में प्रशासन की मदद की। तब जाकर लोगो ने जाम खत्म किया। विवार की शाम आपसी विवाद को लेकर रजनीश की हत्या कर दी गयी थी।
पुलिस सूत्रो के अनुसार राम कुमार झा के पुत्र रजनीश कुमार झा उर्फ प्रद्युमन को अपनी जान गंवानी पड़ी। उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी कर छह युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, इनमें कबिलपुर निवासी महेश पासवान का पुत्र चंदन पासवान के अलावा सत्येन्द्र पासवान के पुत्र कृष्णा पासवान, संजय पासवान के पुत्र अंकुर पासवान, स्व. दिगम्बर राय के पुत्र दीपक राय व आर एस टैंक निवासी गोपाल प्रसाद का पुत्र अमन कुमार शामिल हैं। वहीं न्यू खाजासराय निवासी बाबू साहेब पासवान के पुत्र छोटू कुमार पासवान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर चंदन कुमार पासवान ने रजनीश को चाकू मारा था। चंदन का हाथ भी कटा पाया गया है। बताया जाता है कि चंदन का कहना है कि रजनीश ने दो दिनों पहले रास्ते में उसे लंगड़ी मार दी थी। रविवार को जब रास्ते में रोक कर लंगड़ी मारने का कारण उससे पूछा गया तो वह आक्रोशित होकर उससे भिड़ गया। बहरहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
प्रभारी एसडीपीओ प्रफुल्ल कुमार सिन्हा ने बताया कि रजनीश की हत्या के सिलसिले में हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।

