
पिता-पुत्र सहित तीन को चाकू मारकर किया घायल, हमलावर को पुलिस ने पकड़ा। Voice of Darbhanga
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र के माधोपट्टी खजुरवाड़ा टोला में बीती रात सोमवार को पेड़ काटने के विवाद में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों को चाकू से गोद डाला। सभी को गंभीर स्थिति में पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, दो की स्थिति नाजुक रहने के कारण पटना रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर चाकूबाज को गिरफ्तार कर लिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गांव के गुलाम रसूल ने दो कट्ठा जमीन मस्जिद में दान में दी थी। उस भूमि पर कई बड़े-बड़े पेड़ भी हैं। हाल के दिनों में एक पेड़ सूख गया । गुलाम रसूल के पुत्र मो. सज्जाद की शादी 15 फरवरी को तय हो गई। इसे देखते गुलाम रसूल ने मस्जिद कमेटी से बात कर जलावन के लिए उक्त पेड़ को खरीद लिया। लेकिन, उनके पड़ोसी मो. उस्मान को यह हजम नहीं हुआ और देर रात में नाम लेकर गाली देने लगा। जब उससे गाली देने का कारण पूछा गया तो उस्मान ने 65 वर्षीय मो. गुलाम रसूल के पेट मे चाकू गोद डाला । पिता को बचाने गए 25 वर्षीय मो. सज्जाद के पेट में चाकू मार दिया। बचाव करने गए स्थानीय निवासी मो. एहसानुल के 20 वर्षीय पुत्र मो. इमरान को भी हमलावर उस्मान नहीं बख्शा । उसके पेट में भी चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद उस्मान परिवार के लोगों के साथ टेंपो से फरार हो गया। लेकिन, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने उस्मान को दबोच लिया। तीनों जख्मी को पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, नाजुक स्थिति रहने के कारण मो. गुलाम रसूल व उनके पुत्र मो. सज्जाद को पटना रेफर कर दिया गया। दोनों का इलाज पटना के श्रीविनायक अस्पताल चल रहा है। जबकि, मो. इमरान का इलाज पारस में ही चल रहा है। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधि व्यवस्था कायम करने के लिए गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। इधर, एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपित उस्मान से काफी पूछताछ की गई है। इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

