
गिरफ्तार बाइक चोरो की थी नाईट गार्ड की हत्या कर रेस्ट्रोरेंट लूटने की योजना! Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गयी थी और पुलिस प्रशासन केलिए चुनौती साबित हो रही थी। ख़ास कर एक महीने के भीतर आधा दर्जन गाड़ियों की चोरी जिला एवं पुलिस मुख्यालय के अगल बगल से चोरी होने से पुलिस के लिए नाक का सवाल बन गया था। इसी को लेकर एएसपी दिलनावज अहमद के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था जिसे बीती रात बड़ी सफलता हाथ लगी। एएसपी दिलनावज अहमद ने इसकी जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से देते हुए बताया कि पुलिस ने बिरौल के साहो पड़री निवासी अनुभव नामक युवक को पीछा कर सैदनगर अभंडा के पास पकड़ा। इसके निशानदेही फेकला ओपी के पिंगी निवासी रामचंद्र लालदेव एवं बहादुरपुर निवासी केशव सहनी को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की पांच बाइक के अलावे तीन साउंड सिस्टम एवं दो साइकिल भी बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ के दौरान इनलोगो ने बताया कि इन्होंने एक वर्ष पूर्व लहेरियासराय टावर के नजदीक के चर्चित रेस्ट्रोरेंट में चोरी की थी। पुनः इनकी योजना इस रेस्ट्रोरेंट के नाईट गार्ड की हत्या कर लूटने की थी जिसकी तैयारी हो भी चुकी थी। परंतु गिरफ्तारी के कारण यह योजना सफल नही हो सकी।
इस संबंध में एएसपी दिलनावज अहमद ने बताया कि तीनो पहले भी जेल जा चुके हैं। इनके द्वारा बताये गये तथ्यों की जांच की जा रही है। इनके ग्रुप के करीब आधा दर्जन और अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है। टीम में एएसपी श्री अहमद के अलावे बहादुरपुर इंस्पेक्टर राज नारायण सिंह, लहेरियासराय इंस्पेक्टर राम किशोर शर्मा, सोनकी ओपी प्रभारी धर्मपाल, फेकला ओपी प्रभारी उदय चंद्र सिंह आदि शामिल थे।

