Home मुख्य नेता बनने की राह पर बढ़े छात्र: आपस में भिड़े एबीवीपी और संयुक्त छात्र संगठन। Voice of Darbhanga
मुख्य - February 11, 2018

नेता बनने की राह पर बढ़े छात्र: आपस में भिड़े एबीवीपी और संयुक्त छात्र संगठन। Voice of Darbhanga

दरभंगा : छात्र संघ चुनाव की तिथि को लेकर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर रणक्षेत्र बना रहा. जिसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् और संयुक्त छात्र संगठन आमने-सामने थे. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् छात्र संघ चुनाव की तिथि बढ़ाने के पक्ष में नहीं था. जबकि संयुक्त छात्र संगठन तिथि बढ़ाना चाहता था. पिछले दिनों संयुक्त छात्र संगठन की ओर से इंटरमीडिएट परीक्षा को देखते हुए तिथि बढ़ाने को लेकर आंदोलन किया था. विश्वविद्यालय की ओर से तिथि बढ़ाने की तारीख भी घोषित आंदोलनकारियों के समक्ष कर दिया था. बजाप्ता विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. एन के अग्रवाल ने 25 फरवरी को चुनाव कराने की खबर पत्रकारों को दी थी. लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी नहीं की गई थी. इधर विश्वविद्यालय में आज तिथि को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आहुत थी और इसी बैठक में दवाब बनाने के लिए दोनों छात्र संगठन विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर जोर आजमाइस करने लगे. जिसके बाद पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा. छात्रों के रूख और संख्या को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल विश्वविद्यालय पहुंची और परिसर को छावनी में परिवर्तित कर दिया गया. लेकिन पुलिस की मौजूदगी में दोनों छात्र संगठनों के बीच धक्का-मुक्की तक हुई. इसी बीच विश्वविद्यालय ने उच्च स्तरीय बैठक में तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया और इस बाबत अधिसूचना भी जारी कर दी गई. अधिसूचना के मुताबिक महाविद्यालयों में चुनाव की तिथि 25 फरवरी निर्धारित की गई और मतगणना 26 फरवरी को होगी. वहीं फेज दो में विश्वविद्यालय छात्र यूनियन के चुनाव के लिए तिथि 9 मार्च रखी गई और मतगणना उसी दिन 5 बजे शाम के बाद से करने का निर्णय लिया गया. इस बाबत पूछे जाने पर विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. एन के अग्रवाल ने कहा कि अधिसूचना की प्रति विश्वविद्यालय के मीडिया पर दे दी गई है और इसके सिवा कुछ कहने को नहीं है.

Share

Leave a Reply