
युवक की बगीचे से मिली अधजली लाश के साथ मिले कई अनसुलझे सवाल! Voice of Darbhanga

दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के देकुली गांव स्थित बगीचा से एक अज्ञात युवक का अधजला शव बरामद होने से सोमवार को इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। शव के पास पुलिस ने एक प्रेम पत्र व एक पिस्टल का कारतूस भी बरामद किया है। बताया जाता है कि उसकी हत्या किसी अपराधियों ने की है। हत्या करने बाद उसे पेट्रोल छीड़कर जलाने की कोशिश की गई। लेकिन, शव पूरा नहीं जल पाया। अधजला शव नग्न अवस्था में था । जबकि, उसका कपड़ा पास में फेंका हुआ मिला। कथक रंग का ट्राउजर, हाइनेक व गंजी मिले हैं। लेकिन लाश जब्त करने बाद भी काफी समय तक पुलिस ने इन सामान को जब्त करना मुनासिब नहीं समझा। हद तो तब हो गई जब पुलिस ने उस माचिस को भी जब्त नहीं किया जिससे हत्यारों ने शव को आग के हवाले किया था। घटना स्थल के पास देर शाम माचिस यूं ही फेंका पाया गया। घटनास्थल को न तो वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए घेरा गया और न ही वहां पुलिस बल की तैनाती की गई। आस-पास में कोई आबादी तो नहीं पाई गई। लेकिन, घटना स्थल के पास दर्जनों शराब की खाली बोतलें व व्हाइटनर का डिब्बे जरूर दिखाई दिए। बताया जाता है कि सुनसान इलाका रहने के कारण बगीचा में अपराधियों का जमावड़ा रहता है। ये लोग यहां नशापान ही नहीं बल्कि, शराब का धंधा भी करते हैं। घटनास्थल के ठीक उत्तर गाछी में एक मचान बना था जिसपर बिस्तर आदि भी इस तरह लगा हुआ था कि प्रतीत हो रहा था कि वहां कोई रहता हो, पर घटना के बाद वहाँ कोई नही मिला और न ही उसे खोजने की दिशा में कुछ सक्रियता भी नजर आयी। थानाध्यक्ष राजनारायण सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
शव के पास से पुलिस ने एक प्रेम पत्र बरामद किया। उसे पढ़ने से लगता है कि हत्यारा ने जान-बूझ कर अनुसंधान को गुमराह करने के लिए फर्जी पत्र लिखकर वहां छोड़ दिया हो। पत्र में अंशु में तुमसे मिलना चाहता हूं। अकेले में हमें तुम से कुछ बात करनी है। जब से तुम्हें देखा हूं दिल में उतर गई हो। हमेशा तेरा ही चेहरा नजर आता है। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। आई लव यू अंशु, आई लाइक इट अंशु उल्लेखित है। पत्र लिखने वाला कौन है? और अंशु कौन और कहां की रहने वाली इसकी कोई चर्चा पत्र में नहीं है। पत्र पढ़ने से मालूम पड़ता है कि उसने पत्र लिखने से पहले न तो प्यार का इजहार किया है और न ही दोनों एक-दूसरे को करीब से जानते हैं। अगर प्रेम पत्र असली है तो पत्र के नीचे प्रेमी का नाम और मोबाइल नंबर जरूर होता। लेकिन, ऐसा नहीं पाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि हत्यारा ने इस घटना को प्रेम-प्रसंग से जोड़ने की कोशिश की है। ताकि, पुलिस का ध्यान दूसरे तरफ नहीं जाए।
लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित देकुली गांव के बगीचा में घटना घटने से हर लोग आश्चर्यचकित है। घटनास्थल से मुख्य सड़क की दूरी मात्र चार सौ मीटर है। लेकिन, मुख्य सड़क के बाद कोई आबादी नहीं है। सिर्फ बगीचा ही बगीचा है। यही कारण है कि लोग इस इलाके में दिन में भी आने से डरते हैं।
घटना स्थल के दक्षिण कुछ ही दूरी पर कई संदिग्ध निशान पाए गए। जंगल व घास पर मारपीट जैसा निशान देखने को मिला। हालांकि, उसके आगे ऐसा कुछ भी नहीं पाया गया। जिससे और कुछ पता चल पाता । हालांकि, मेड़ से नीचे उतरने दौरान किसी शख्स का पांव पिसल गया इसका स्पष्ट निशान है। बावजूद, पुलिस ने उन दिशाओं में कोई अनुसंधान नहीं किया जिससे घटना का खुलासा सरल ढंग से हो सके।
अनुमान लगाया जाता है कि अपराधियों ने घटना स्थल के पास पहले नशापान किया होगा और बाद में घटना को अंजाम। घटना स्थल के आस-पास से शराब की कई बोतलें बरामद की गई हैं। कई बोतलें में हल्की शराब भी पाई गई है। आस-पास के बगीचा में जो निशान पाया गया उससे यह भी स्पष्ट होता है कि इस घटना में कम से कम चार लोग शामिल रहे होंगे। अपराधियों ने युवक की हत्या बगीचा के अंदर ही कर दिया हो ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है। लेकिन, शव को उठाकर कच्ची सड़क के किनारे जलाने के पीछे क्या मंशा हो सकती है यह लोगों के समझ से पड़े है। शव की पहचान नहीं हो इसके लिए अपराधियों ने शव को जलाने का प्लान बनाया होगा। बगीचा के अंदर जलाने से आने-जाने वाले लोग रौशनी देख हल्ला कर सकते थे। इसी डर से अपराधियों ने श्मशान से सटा उत्तर कच्ची सड़क जो देकुली मुख्य मार्ग की ओर जाती है को पसंद किया होगा। बताया जाता है कि यहां शव को जलाने से कोई अनहोनी की आशंका व्यक्त नहीं कर सकता था। इसलिए श्मशान के बगल में शव के उपर पेट्रोल छीड़कर आग के हवाले कर दिया। यह काम श्मशान घाट में भी किया जा सकता था। लेकिन, अपराधी डर से श्मशान घाट में न जाकर सड़क किनारे में घटना को अंजाम दे दिया होगा। यह अंदाजा जगाया जा रहा है। बहरहाल, मामला जो भी पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है।

