
चयनित 100 पंचायतों को हर हाल में बनाये ओडीएफ: डीएम। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में की गई।सबसे पहले आरटीपीएस के तहत ऑनलाईन म्यूटेशन की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर/बेनीपुर/बिरौल को अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा कर प्रतिवेदन देने का निदेश दिया। अब आरटीपीएस काउण्टर से राशन कार्ड से संबंधित सुधार हेतु आवेदन पत्र भी प्राप्त किये जायेंगे। सभी अंचलाधिकारियों को आपदा मद में प्राप्त आवंटन के खर्च का ब्यौरा विहित प्रपत्र में देने का निदेश दिया गया।
मिशन 100 पर जोर: हर घर शौचालय अभियान के तहत दरभंगा जिला के सभी 100 चयनित पंचायतों में शौचालय निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी ‘मिशन-100 चयनित पंचायतों के नोडल पदाधिकारीगणों को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि सभी नोडल पदाधिकारी अपने से सम्बद्घ पंचायतों के वाडार्ें को ओडीएफ घोषित करने हेतु तिथि का निर्धारण कर ले।
डीएम ने घोषणा की कि 22 मार्च ‘बिहार दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में ओडीएफ घोषित किये गए पंचायत के मुखिया एवं नोडल पदाधिकारी को पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।
नोडल पदाधिकारियों की यह व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी कि होगी कि वे अपने पंचायत को ओडीएफ घोषित करने हेतु हर संभव प्रयास करें। वे वार्डवार परिवारों की सूची को डोर-टू-डोर जाकर सत्यापित करे। वार्डवार कितने घर शौचालय विहीन है, उसकी सूची भी बनवाने का निदेश दिया गया। प्रत्येक घर को एक यूनिट बनाने का जिला पदाधिकारी महोदय ने निदेश दिया। अगर एक घर के अन्दर एक से अधिक परिवार रहते है और उनके पास जमीन उपलब्ध है तो वे एक से अधिक शौचालय बनवाकर सरकारी सहाय्य राशि प्राप्त कर सकते है।
उक्त बैठक में प्रशिक्षु आईएएस-सह- प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बेनीपुर विजय प्रकाश मीणा, अपर समाहत्र्ता मो. मोबीन अली अंसारी, उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुधन कामती, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री सुमन कुमार, प्रभारी डीआरडीए निदेशक वशीम अहमद, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर, बिरौल, बेनीपुर आदि उपस्थित थे।

