
बाबा कुशेश्वर पहुँचे हज़ारो भक्तों ने किया जलाभिषेक। Voice of Darbhanga

दरभंगा। मिथिला की प्रसिद्ध तीर्थ स्थली शिवनगरी बाबा कुशेश्वरनाथधाम में महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ पर जलाभिषेक के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बोल बम और हर हर महादेव के जयकारे से सारा दिन भक्तिमय बना रहा। मंगलवार की देर शाम से ही कुशेश्वरनाथधाम में शिव भक्तों का आना प्रारंभ हो गया था। बुधवार की सुबह करीब तीन बजे से ही शिव भक्तों ने शिवगंगा घाट में स्नान कर बोल बम के जयकारे के बीच बाबा कुशेश्वरनाथ महादेव पर जलाभिषेक करना शुरू कर दिया। दोपहर होते होते श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी हो गई कि असमा से पांड़ो चौक तक लोगों की भीड़ लग गई। जगह- जगह जाम हो गया। बीडीओ राकेश रौशन ने पुलिस बल के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया। न्यास समिति अध्यक्ष सह एसडीपीओ सुरेश कुमार ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया था। कुशेश्वरस्थान स्थानीय थाना, पुरानी दुर्गा मंदिर, असमा और पांडों में बैरियर लगा बड़ी वाहनो पर रोक लगा दिया और पांडो से लेकर मंदिर परिसर तक सैकड़ों महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मंदिर परिसर में दर्जनों सीसीटीवी लगाए गए थे। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।एसडीपीओ सुरेश कुमार और एसडीओ मो. शफीक भी बीच बीच में कुशेश्वरस्थान पहुंचकर भीड़ का मुआयना करते रहे। थानाध्यक्ष राशिद परवेज मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस बल के साथ नजर बनाए रखे। कुशेश्वरस्थान पश्चिमी प्रखंड के बड़गांव गांव से भूत प्रेतों की झांकी निकालकर भोलेनाथ की बारात मंदिर परिसर में आई। जहां रंग गुलाल के साथ धूमधाम से शिव और पार्वती की शादी का जश्न शिव भक्तों ने मनाया।

