
छापेमारी अभियान में शराब के साथ तीन गिरफ्तार। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के जाले थाना की पुलिस ने अलग-अलग गांवों में छापामारी कर भारी मात्रा में शराब जब्त करने के साथ तीन धंधेबाजों को धर दबोचा। इन्हें जेल भेज दिया गया है। छापेमारी बुधवार की रात की गई। पुलिस गस्ती के दौरान बाइक से शराब की खेप ढोने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। थानाध्यक्ष उमेश कुमार के नेतृत्व में सअनि ब्रजेश कुमार पांडेय ने पुलिस बल के सहयोग से थाना क्षेत्र के राढ़ी महदई चौक के समीप एक अपाची बाइक सवार दो लोगों को रोकना चाहा। लेकिन पुलिस की गाड़ी देख बाइक सवार भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। पीछा करने के क्रम में सोनरपट्टी टोल स्थित पीसीसी सड़क के किनारे बाइक लुढ़क गयी। लेकिन बाइक चालक बाइक लेकर भागने में सफल रहा। वहीं एक ब्यक्ति शराब भरे कार्टन के साथ वहां गिरा पड़ा मिला। पुलिस ने शराब जब्त कर उक्त व्यक्ति को धर दबोचा। कार्टन में 20 बोतल रॉयल स्टेग 375 एमएल हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब थी । उसकी पहचान राढ़ी पश्चिमी महदई चौक निवासी राम छबीला साह के 31 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में की गई। पूछताछ के क्रम में उसने पुलिस को बताया कि अपाची मोटरसाइकिल के साथ फरार उसका सहकर्मी राढ़ी पश्चिमी कायस्त टोला निवासी पप्पू श्रीवास्तव है। उसने मस्सा मिर्जापुर निवासी राज कुमार दास द्वारा शराब उपलब्ध कराने की बात स्वीकारी । पुलिस गिरफ्तार शराब कारोबारी की निशानदेही पर सोनारपट्टी स्थित शराब कारोबारी नीरस खतवे के पुत्र राज कुमार दास के घर पहुंची। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय वह नशे की हालत में पाया गया। तीसरा कारोबारी मास्सा मिर्जापुर निवासी बिनोद ठाकुर को भी पुलिस ने धर दबोचा। उसके घर से नेपाल निर्मित तीन सौ एमएल की 43 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने उक्त सभी शराब कारोबारियों के विरुद्ध शराब उत्पाद अधिनियम के तहत जाले थाना काण्ड 22/18 दर्ज करते हुए गुरुवार को जेल भेज दिया। काण्ड का अनुसंधान पुअनि बड़कु हंसदा कर रहे हैं।

