
स्नातक द्वितीय खंड के गणित की कॉपी की होगी फिर से जाँच। Voice of Darbhanga
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के परीक्षा बोर्ड की बैठक गुरूवार को कुलपति कार्यालय कक्ष में कुलपति प्रो सुरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में स्नातक द्वितीय खंड प्रतिष्ठा गणित (2017) के चौथे पत्र की कापियों की विशेषज्ञों से रेंडम जांच के बाद समर्पित प्रतिवेदन पर विचार के बाद पुनर्मूल्यांकन का निर्णय लिया गया। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक डा कुलानंद यादव ने दी है।
मालूम हो कि गणित प्रतिष्ठा के छात्रों ने विश्वविद्यालय से बाहर हुए मूल्यांकन में दिये गये अंक पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए हाल ही में विश्वविद्यालय में भारी हंगामा किया था। बाद में कुलपति के मुख्यालय से बाहर रहने के कारण प्रतिकुलपति ने छात्रों के प्रतिनिधि मंडल से वार्ता की और कापियों की विशेषज्ञों से जांच करवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए एक सप्ताह का समय लिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर जांच करवाई तो छात्रों की शिकायत सही पायी गयी। इसी जांच प्रतिवेदन के आलोक में आज विश्वविद्यालय प्रशान ने पुनर्मूल्यांकन का निर्णय लिया है।

