
दरभंगा में थम नही रहा लाशों का सिलसिला, फिर मिली पेड़ से झूलती युवक की लाश। Voice of Darbhanga
दरभंगा: ज्यादातर शांत रहने वाले दरभंगा जिले को इनदिनों शायद किसी की बुरी नजर लग गयी है। पिछले कुछ हफ्तों में अलग अलग जगहों से हत्या, आत्महत्या तथा शव मिलने का सिलसिला रुक रुक कर जारी है। ताजा मामले में मब्बी ओपी क्षेत्र के मखनाही गांव स्थित बगीचा में शनिवार को देर शाम पेड़ से झूलता हुआ एक युवक के शव को बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। फंदा से झूलता हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ दूरी से पुलिस ने उसका बाइक भी बरामद किया है। हालांकि, कुछ देर के बाद शव की शिनाख्त केतुका गांव निवासी सुरेन्द्र यादव के 25 वर्षीय पुत्र अमरेन्द्र यादव के रूप में की गई। सूचना पर शव की शिनाख्त करते ही मृतक के परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। हालांकि, उन लोगों ने हत्या की आशंका नहीं जताई है। स्थानीय लोगों का कहना था कि अमरेन्द्र यादव इन दिनों कई लोगों से कर्ज ले रखा था। रुपये की वापसी नहीं करने के कारण उन पर लोगों का दबाव था। इस कारण से आत्म हत्या करने की आशंका जताई गई है। वह दिल्ली मोड़ स्थित पार्टनरशिप में लाइन होटल चला रहा था। वह हत्याकांड का अभियुक्त भी रहा है ऐसा लोगों का कहना है। तीन माह पहले वह जेल से निकला था। 9 मार्च को उसकी बहन की शादी होने वाली थी। पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के मृतक के मोबाइल नंबर को भी खंगाल रही है। मामला आत्महत्या से जुड़ा है अथवा हत्या से इस संबंध में पुलिस फिलहाल बोलने से इंकार कर रही है। बहरहाल, पोस्टमार्टम होने के बाद ही इस पर से पर्दा उठ पाएगा। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी दिलनवाज अहमद ने घटना स्थल का मुआयना किया। थानाध्यक्ष श्री कुमार ने पोस्टमार्टम के लिए शव को डीएमसीएच भेज दिया।

