
शिक्षक के बन्द घर में लाखों की चोरी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के रसियारी गांव में 17 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी व जेवर समेत लाखों रुपये की संपत्ति उड़ा ली। सेवानिवृत शिक्षक रामचन्द्र झा के घर के तीन कमरों का ताला तोड़ा गया है। चोर 4 अलमीरा के लॉकर का ताला तोड़कर 60 हजार रुपये नगद सहित लगभग दस लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात एवं कीमती सामान ले गए। प्राप्त सूचना के मुताबिक घटना की रात पीडित शिक्षक दरभंगा गए थे। घर के एक कमरे में उनका पुत्र सुरेश झा अपने परिवार के साथ सोया हुआ था। जबकि गृह स्वामी का एक पुत्र आशीष झा आरा जिला में बिजली विभाग में एसडीओ के पद पर तथा दूसरा पुत्र अभिषेक झा कर्नाटक में बैंक में कार्यरत है। चोरी की घटना को इस तरह अंजाम दिया गया कि बगल के कमरे में सो रहे लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी । सुबह नींद खुलने पर जहां-तहां बिखरे सामान तथा जेवरात के खाली डिब्बे देखकर चोरी का पता चल पाया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई । थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरी का जायजा लिया। घटना के बाद पीडित के घर में कोहराम मचा है। एक के बाद एक लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

