
दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत रोजगार मेले का आयोजन। Voice of Darbhanga
बिरौल: प्लस टू ओंकार उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन दीप प्रज्जवलित कर बीडीओ रजत किशोर सिंह, रोजगार प्रबंधक विश्वजीत कुमार सुमन, जीविका परियोजना अधिकारी इन्द्रनाथ झा, पंचायत के मुखिया शत्रुघ्न सहनी एवं जदयू नेता कैलाश चौपाल ने संयुक्त रूप से किया।
रोजगार मेला की सूचना मिलते हीं अनुमंडल क्षेत्र के बेरोजगार युवक व युवतियों की भीड़ सुबह से हीं जुटने लगी। निर्धारित समय 11 बजे से 4 बजे तक अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। डेढ़ दर्जन निजी कंपनियों की ओर से नियोजन का कार्य शुरू किया गया।
स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए सिलाई, बीपीओ सहित अन्य कार्यों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण देने के लिए 1164 अभ्यर्थियों ने अपना आवेदन जमा किया। इसमें 382 बेरोजगार युवक व युवतियों को रोजगार मुहैया कराने के लिए चयनित किया गया। आयोजक जीविका के प्रखंड परियोजना अधिकारी इन्द्रनाथ झा ने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र अनुमंडल मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी की ओर से 22 फरवरी को उपलब्ध करायी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 7 हजार से अधिकतम 15 हजार मानदेय पर बहाली की जाएगी। रोजगार सह मार्गदर्शन मेला में एसबीआई हाटी के प्रबंधक हिमांशु शेखर, जीविका संकुल के अध्यक्ष निर्मला देवी, एरिया कोर्डिनेटर सीमा कुमारी, रेणु कुमारी, राजकिशोर झा आदि उपस्थित थे।

