
बैरगनिया का अप्राकृतिक यौनाचार का आरोपी शिक्षक दरभंगा में गिरफ्तार। Voice of Darbhanga
दरभंगा: लहेरियासराय थाना की पुलिस ने गुरुवार को अप्राकृतिक यौनाचार आरोपित सीतामढ़ी जिले के फरार शिक्षक को गुदरी बाजार से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोपित शिक्षक अनजान घर में जाकर छुप गया था । घर वाले भी उसे चोर समझ कर हल्ला करने लगे। इसके बाद वह एक घर से निकलकर कई घरों में प्रवेश कर छुपने की कोशिश करने लगा। लेकिन, मोहल्ले के लोग चोर-चोर कह उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आरके शर्मा दल-बल के साथ पहुंच गए। इस बीच वह एक मकान की छत पर चढ़ गया और एक एस्बेस्टस वाले मकान पर छलांग लगा कर भागने की कोशिश की। लेकिन, तब तक वह लहूलुहान की स्थिति में नीचे गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। लेकिन, मोहल्ला वाले उसे चोर समझ कर मारने पीटने पर उतारू थे। थानाध्यक्ष श्री शर्मा ने सभी आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, कुछ देर के बाद आक्रोशित लोग मान गए। इलाज के बाद आरोपित ने पुलिस को जो बयान दिया वह सुन सभी आश्चर्यचकित हो गए। गिरफ्त में आया विनय कुमार भारती ने बताया कि वह कोई चोर नहीं बल्कि, एक शिक्षक है। वह सीतामढ़ी जिले के बरगेनिया थाना क्षेत्र के सेखूना गांव निवासी ओमप्रकाश भारती का पुत्र है। बताया कि वह अपने गांव में एक स्कूल चलाता था। हॉस्टल की व्यवस्था थी। 25 जनवरी को उसके उपर पोस्को एक्ट के तहत छात्र के साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने का आरोप लगा। इस मामले में हॉस्टल में रह रहे पीड़ित छात्र के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई। इसमें स्कूल संचालक के साथ-साथ परिवार के लोगों को नामजद किया गया। जिसमें कई की गिरफ्तारी हो गई। गिरफ्तारी के डर से वह भागकर दरभंगा पहुंच गया। थानाध्यक्ष आरके शर्मा ने बताया कि आरोपित को बरगेनिया पुलिस के हवाले किया जाएगा। इसके लिए वहां की पुलिस को सूचना दी गई है।

