
मिथिला विवि में पहली बार आयोजित हो रहे पुरातन छात्र सम्मलेन में परमानन्द झा होंगे मुख्य अतिथि। Voice of Darbhanga
दरभंगा: आगामी 26 फरवरी 2018 सोमवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में पहली बार पुरातन छात्रों का सम्मलेन आयोजित किया जा रहा है जिसमे नेपाल के पूर्व उपराष्ट्रपति परमानन्द झा पुरातन छात्र के रूप में भाग लेंगे।
उक्त आशय की जानकारी ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। प्रबंधन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रो. सिंह ने कहा कि किसी संस्था के विकास की रीढ़ पुरातन छात्र होते हैं। उनसे संपर्क और सम्बन्ध नहीं होगा तो विश्वविद्यालय का विकास नहीं होगाI पुरातन छात्र और विश्वविद्यालय के बीच भावनात्मक एवं अपनेपन का अदृश्य समबन्ध होता है जो अटूट होता है। आवश्यकता है उस सम्बन्ध को पुनर्स्थापित करने कीI 1972 में इस विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी, लेकिन आज तक पुरातन छात्रों का सम्मलेन कभी नहीं हुआ। अभी तक लाखो छात्र – छात्राएं इस विश्विद्यालय से उतीर्ण होकर जगह-जगह प्रतिस्थापित हैI हजारों छात्र – छात्राएं देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों में उच्च पद पर विराजमान है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पुरातन छात्रों को लेकर काफी गंभीर है । सको लेकर दो तरह की योजनायें बनायीं हैI एक तरह की योजना में परिसर में लाकर उनके सम्बन्ध को पुनर्स्थापित करना है तो वहीं दूसरी उनके ही जगहों पर जाकर पुरातन सम्मलेन का आयोजन करना। इस तरह के सम्मलेन करने का प्रस्ताव होनेवाले पुरातन सम्मलेन में रखा जा रहा है, अगर यह पारित हो गया तो परिसर से बाहर भी इस तरह के सम्मलेन का आयोजन किया जायेगा।
प्रो. सिंह ने पत्रकार सम्मलेन में कहा कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार पूर्ववर्ती छात्रों का सम्मलेन 26 फरबरी को जुबली हॉल में होने जा रहा है। यह कार्यक्रम दो सत्रों में सम्पादित होगा। पहले सत्र में स्मारिका का विमोचन होगा और विशिष्ठ अतिथियों का जो यहाँ के पुरातन छात्र हैं का अभिनन्दन किया जायेगा। इसके मुख्य अतिथि परमानन्द झा, भूतपूर्व उपराष्ट्रपति, नेपाल होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ मोहन मिश्र, प्रो. कृपाशंकर सिंह, पूर्व कुलपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय लखनऊ और मणि शंकर ठाकुर, सेवा निवृत आई. ए. एस. होंगे।
दूसरे सत्र में व्यक्तित्व के विकास में शिक्षा का महत्व विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया जायेगा जिसकी अध्यक्षता प्रति कुलपति प्रो. जय गोपाल करेंगे और बीज भाषण अलीगढ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान शास्त्र के प्रो. शमीम अहमद अंसारी करेंगे।
इस ऐतिहासिक क्षण पर देश विदेश के अनेकों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे जिन्होंने यहाँ शिक्षा प्राप्त की है।
उनके लिए अपने छात्र जीवन का अनुभव बांटने का सुनहरा अवसर सिद्ध होगा। प्रेसवार्ता में पुरातन संघ के अध्यक्ष प्रो. अरुणिमा सिंह, महासचिव डॉ विजय मिश्र, सचिव डॉ अनीस अहमद, मिडिया कोषांग के सयोजक प्रो. विनय कुमार चौधरी, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. बी. बी. एल. दास, पी. आर. ओ. डॉ एन. के. अग्रवाल संगीत विभागाध्यक्ष डॉ लावण्या कीर्ति सिंह ’काव्या’, डॉ दिवाकर झा आदि उपस्थित थे।

