
परीक्षा में कम अंक मिलने को लेकर छात्रों ने किया हंगामा। Voice of Darbhanga
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम खंड 2015 के परीक्षार्थियों ने उम्मीद से कम नंबर मिलने पर मंगलवार को विवि में हंगामा किया। हंगामे के दौरान करीब 4 घंटे तक विश्वविद्यालय के कामकाज ठप रहा। सबसे पहले छात्रों ने कुलपति कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया इसके बाद धरने पर बैठ गए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी गेटों को सुरक्षा के लिए बंद कर दिया। उत्तेजित छात्रों ने ग्रील गेट को तोड़ने का प्रयास भी किया लेकिन वे असफल रहे। काफी देर तक विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी सुधि नहीं ली। इससे छात्र उत्तेजित हो गए और कुलसचिव कार्यालय की ओर चल पड़े। वहां भी काफी देर तक हंगामा किया। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक के मुख्यद्वार पर जाकर हंगामा किया। परीक्षा नियंत्रक अवकाश पर थे। तब वे छात्र कल्याण के अध्यक्ष कार्यालय के सामने जाकर हंगामा करने लगे। छात्र कल्याण के अध्यक्ष डॉ. भोला चौरसिया ने ग्रील गेट के अंदर से ही द्वार पर आकर मांग पत्र लिया। तब तक थाना पुलिस और कुलानुशासक डॉ. अजय नाथ झा भी मौके पर पहुंच गए।
कुलपति के मुख्यालय से बाहर रहने के कारण प्रतिकुलपति डॉ. जय गोपाल से मिलकर वार्ता करने का अनुरोध किया। इसके बाद 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अंदर बुलाया गया और प्रतिकुलपति से वार्ता हुई। प्रतिकुलपति ने प्रतिनिधिमंडल से अनुरोध किया कि 5 मेधावी छात्रों, जिनका रिजल्ट खराब हो गया हो, के नाम दें। उनकी कॉपियों की विशेषज्ञों से जांच कराकर स्थिति के बारे में समझा जा सके। अगर उसमें गड़बड़ी पाई जाएगी तो सभी छात्रों की कॉपियों की फिर से जांच कराई जाएगी। शेष मांगों पर प्रति कुलपति ने 5 मार्च तक का समय मांगा ताकि कुलपति के मुख्यालय आने पर इनसे विमर्श के बाद कोई निर्णय लिया जा सके। इसके बाद छात्र शांत हुए। प्रतिनिधिमंडल में आइसा के सागर सिंह और एआईएसएफ के राहुल मिश्र सहित अन्य छात्र शामिल थे।
प्रतिकुलपति प्रो.जय गोपाल ने बताया कि छात्रों से वार्ता हुई। कुलपति मुख्यालय से बाहर हैं। छात्र से पांच मार्च तक का समय मांगा गया है। इसके बाद उनसे वार्ता के बाद विधिसम्मत निर्णय लिया जाएगा।

