
20 सूत्री समिति की बैठक में अवैध नर्सिंग होम पर कार्रवाई का निर्णय।
दरभंगा: मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र में संचालित अवैध नर्सिंग होम पर शिकंजा कसने का निर्णय मंगलवार को आयोजित 20 सूत्री समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संतोष सिंह ने की। सदस्य रमेश चौधरी के प्रश्न पर जवाब देते हुए पीएचसी प्रभारी डॉ. सुप्रिया नारायण ने अवैध नर्सिंग होम पर रोक के लिए आवश्यक कार्रवाई पर सहमति जताई। इसके तहत पीएचसी पदाधिकारी के नेतृत्व में धावा दल गठित करने और उसमें समिति सदस्यों को भी शामिल करने का निर्णय हुआ।

बैठक में उपाध्यक्ष दिलीप मंडल ने पेयजल संकट के दौरान पीएचईडी विभाग द्वारा ट्रैंकर से की गई जलापूर्ति में कथित “बैनर घोटाले” का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भेजे गए पानी के ट्रैंकरों पर एक विशेष राजनीतिक दल का बैनर लगाया गया, जिससे आम जनता और अन्य दलों को जानकारी तक नहीं मिली। इसे राजनीतिक लाभ देने की साजिश बताते हुए उन्होंने जांच की मांग की, जिस पर समिति ने सहमति दी।

उपाध्यक्ष ने बलौर पंचायत की डीलर नीतू कुमारी पर लगे अनाज घोटाले के मामले में कार्रवाई नहीं होने का सवाल भी उठाया। इस पर एमओ शमरूल हसन ने बताया कि जांच रिपोर्ट एसडीओ को भेज दी गई है।

सदस्य रंजीत झा ने माउंबेहट स्थित +2 उच्च विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई के नाम पर लाखों की अवैध निकासी और नवकी पोखर से चमर गोड़ा तक नाला निर्माण में बिना कार्य के भुगतान का मामला उठाया। पीओ राजेश रौशन ने गड़बड़ी स्वीकार करते हुए कहा कि भौतिक स्तर पर काम कर इसकी भरपाई की जाएगी।

बैठक में बीडीओ दुनिया लाल यादव, सीओ रविकांत, बीपीआरओ अशोक कुमार यादव, सीडीपीओ रीता सिन्हा, पीएचईडी जेई, प्रखंड प्रमुख पवन कुमार यादव समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

